)
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर इलाके से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अंतरराष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 8 किलोमीटर अंदर कच्ची थेड़ी इलाके के एक रिहायशी क्षेत्र में बड़ा संदिग्ध ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया. ड्रोन मिलने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं.
जानकारी के अनुसार, मिले संदिग्ध ड्रोन के ऊपर बैटरी और कैमरे लगे हुए हैं. रिहायशी इलाके में ड्रोन मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके को खाली करवाया गया है.
100 मीटर के दायरे में हथियारबंद जवान तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन मिलने वाली जगह के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं. आम लोगों की आवाजाही को रोकते हुए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया है.
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया सर्च अभियान
संदिग्ध ड्रोन मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं. पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन से जुड़ी परिस्थितियों और उसके यहां मिलने के कारणों की पड़ताल कर रही हैं.
फिलहाल ड्रोन किसका है और यह रिहायशी इलाके तक कैसे पहुंचा, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.
खबर अपडेट की जा रही है.