)
जयपुर में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है. जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण के पैकेज वन के काम को पूरा करने का रिवाइज्ड एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है. पैकेज वन में करीब 12 किलोमीटर लंबे मेट्रो को समय से पहले दौड़ाने की योजना है. राजस्थान की भजनलाल सरकार इस कार्यकाल में मेट्रो संचालन शुरू कर देगी. आइए जानते हैं सरकार की तैयारी क्या है?
जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण में 41 किलोमीटर लंबे प्रहलादपुरा रिंग रोड से लेकर विद्याधर नगर टोड़ी मोड़ तक मेट्रो का संचालन किया जाएगा. करीब 13 हजार 37 करोड़ रुपये की लागत के इस दूसरे चरण में मेट्रो कोरिडोर निर्माण और स्टेशन निर्माण कार्य को चार अलग-अलग पैकेज में बांटा गया है. इसमें पैकेज वन का काम मौके पर शुरू किया जा चुका है. पैकेज वन में प्रहलादपुरा रिंग रोड से लेकर पिंजरापोल गौशाला तक करीब 12 किलोमीटर लंबे मेट्रो निर्माण में 918 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
वहीं, पैकेज 2 में पिंजरापोल गौशाला से बीटू बाईपास तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. यह 3.12 किलोमीटर लंबा होगा, इसमें दो भूमिगत स्टेशन बनाए जाएंगे. गौशाला से करीब 400 मीटर आगे से पैकेज 2 शुरू होगा. यहां से भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर होगा. पहला भूमिगत स्टेशन सांगानेर पुलिस स्टेशन के पास बनाया जाएगा. यहां से मेट्रो यात्री सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल 1 तक पहुंच सकेंगे. इसके बाद भूमिगत कॉरिडोर एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के पास तक जाएगा. यहां भी एक भूमिगत स्टेशन होगा. दुर्गापुरा की तरफ स्थित क्लोवर लीफ तक भूमिगत कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसे पैकेज 2 में शामिल किया गया है. इसकी लागत करीब 1160 करोड़ रुपये होगी. इस पैकेज के लिए निर्माण का निर्देश दे दिया गया है. माना जा रहा है कि अगले महीने तक काम शुरू हो जाएगा.
पैकेज 3 बीटू बाईपास से खासाकोठी चौराहे तक होगा. इसकी कुल लंबाई 11.7 किलोमीटर होगी. इसमें कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे. करीब 1392 करोड़ रुपये से इसे तैयार किया जाएगा. इसमें सभी स्टेशन एलिवेटेड होंगे. बीटू बाईपास चौराहा, दुर्गापुरा, गांधी नगर, नेहरू प्लेस, रामबाग सर्किल, नारायण सिंह सर्किल, एसएमएस हॉस्पिटल, अशोक मार्ग, गवर्नमेंट हॉस्टल, खासाकोठी फेज प्रथम और खासाकोठी में मेट्रो स्टेशन होंगे.
पैकेज 4 में खासाकोठी चौराहे से विद्याधर नगर टोड़ी मोड़ तक होगा. इसकी लंबाई 14.5 किलोमीटर होगी, कुल 12 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. 1331 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसमें कलेक्ट्रेट, पानीपेच, अंबाबाड़ी, चौमूं पुलिया, विद्याधर नगर सेक्टर 2, वीकेआई रोड नंबर 5, वीकेआई रोड नंबर 9, वीकेआई रोड नंबर 14, हरमाड़ा, हरमाड़ा घाटी और टोड़ी मोड़ मेट्रो स्टेशन होंगे. पैकेज 3 व 4 के लिए निर्माण कंपनी का चयन हो गया है.
राजस्थान मेट्रो के प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया ने पिछले दिनों पैकेज वन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया था. इस निरीक्षण के पीछे उद्देश्य इस पैकेज के काम में तेजी लाना है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का निर्देश है कि इस पैकेज का काम इस सरकार के कार्यकाल में ही खत्म किया जाएगा. राज्य सरकार के प्रमुख सचिव वित और राजस्थान मेट्रो के प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस पैकेज का रिवाइज्ड एक्शन प्लान बनाया जाएगा.
वैभव गालरिया ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट है कि उनके कार्यकाल में ही पैकेज वन का काम पूरा किया जाए. ताकि विधानसभा चुनाव में उसे एक उपलब्धित बताते हुए जनता के सामने रखा जाए. वैसे तो इस पैकेज एक का काम पूरा होने की डेडलाइन मई 2029 है और विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता अक्टूबर 2028 में लगने की संभावना है. ऐसे में रिवाइज्ड एक्शन प्लान बनाकर काम पूरा करने की डेडलाइन अगस्त या सितंबर 2028 की जाएगी.
(जयपुर से अभिषेक श्रीवास्तव की रिपोर्ट)