)
जयपुर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस में खींचतान तेज हो गई है. जिला परिषद चुनाव में पार्टी को 57 में से 44 सीटों का बहुमत मिला है, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रमुख के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थक अपने-अपने दावेदारों के पक्ष में जोड़-तोड़ कर रहे हैं.
डोटासरा गुट की पसंद यसवीर शूरा
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गुट वार्ड नंबर 28 से विजयी यसवीर शूरा को जिला प्रमुख बनाने की कवायद में जुटा है. वहीं, सचिन पायलट के समर्थक वार्ड नंबर 48 से जीते श्रवण गुर्जर की ताजपोशी के लिए प्रयास कर रहे हैं. दोनों खेमों की सक्रियता से जिला प्रमुख पद का मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
सामाजिक और जातिगत समीकरणों पर मंथन
जिला प्रमुख के चयन में सामाजिक और जातिगत समीकरणों को भी अहम माना जा रहा है. पार्टी के भीतर इन पहलुओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि ऐसे नाम पर सहमति बने जिसे अधिकतर नेता और समर्थक स्वीकार कर सकें. फिलहाल किसी एक नाम पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
सुनील कुमावत का नाम भी चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, डोटासरा और पायलट के बीच खींचतान जारी रहने पर तीसरे नाम की संभावना भी बन सकती है. पूर्व जिला प्रमुख रमा चौपड़ा को हराकर भारी मतों से जीतने वाले कांग्रेस नेता सुनील कुमावत जिला प्रमुख पद की दौड़ में बाजी मार सकते हैं. ऐसे में मुकाबला दो दावेदारों तक सीमित नहीं रह गया है.
डोटासरा ने की रायशुमारी
प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा इस मुद्दे पर पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर, चाकसू के पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष विधाधर सिंह चौधरी के साथ रायशुमारी कर चुके हैं. अब सबकी नजरें पार्टी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं. 44 सीटों का बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के सामने अपने भीतर सहमति बनाने की चुनौती है. जिला प्रमुख की कुर्सी किसे मिलेगी, यह आने वाले घटनाक्रम से साफ होगा. पद पर पार्टी नेताओं के बीच लगातार बातचीत और मंथन जारी है.
Reporter- Dilip Choudhary