)
वैभव सूर्यवंशी अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने दुनियाभर के गेंदबाजों में अपना खौफ पैदा किया है. आईपीएल जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर वो बुमराह, कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड जैसे टॉप गेंदबाजों के छक्के छुड़ा चुके हैं. यही वजह है कि उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा खुला और वो फिलहाल एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं.
अंडर-19 से लेकर आईपीएल और अब इंटरनेशनल क्रिकेट तक... वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से करोड़ों फैंस का दिल जीता है, लेकिन एक सपना अभी भी अधूरा है. दरअसल, हर भारतीय क्रिकेट फैंस की ये चाहत होगी कि सूर्यवंशी चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी अपना 'वैभव' दिखाए. हालांकि, अभी तक की कहानी निराशाजनक रही है.
भारत-पाकिस्तान मैच की कहानी ऐसी है कि रातों-रात कोई खिलाड़ी स्टार बन जाता है और एक ही दिन में फैंस उन्हें विलेन भी बना देते हैं. सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली पर फैंस जान इसलिए भी लुटाते हैं, क्योंकि दोनों ने पाकिस्तान को कई मैचों में गहरा जख्म दिया है. वैभव सूर्यवंशी से भी लोगों की यही उम्मीद है. हालांकि, 15 साल के युवा सनसनी अभी तक इस उम्मीद पर खरे नहीं उतरे हैं. आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं.
2024 से लेकर अब तक वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तान के खिलाफ कुल 7 मुकाबले खेले हैं. हैरान करने वाली बात ये है कि उन्होंने एक बार भी 50 का आंकड़ा क्रॉस नहीं किया है. पाकिस्तान के खिलाफ उनका उच्चतम स्कोर 45 है. वैभव निश्चित तौर पर इस आंकड़े को बदलना चाहेंगे. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भी वो पाकिस्तान के खिलाफ फेल हो गए. उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
| टूर्नामेंट | स्कोर |
|---|---|
| अंडर-19 एशिया कप 2024 | 1 (9) |
| अंडर-19 एशिया कप 2025 | 5 (6) |
| अंडर-19 एशिया कप 2025 फाइनल | 26 (10) |
| राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 | 45 (28) |
| अंडर-19 विश्व कप 2026 | 30 (22) |
| एशियन गेम्स 2026 फाइनल | 15 (9) |
| राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 | 11 (13) |
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर हमेशा हाई वोल्टेज मुकाबला होता है. दुनियाभर के फैंस की नजर इस मैच पर होती है. लोगों की ये भी सोच होती है कि किसी के खिलाफ फेल हो जाओ, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ नहीं. खिलाड़ियों पर इस मैच में अच्छे प्रदर्शन का अधिक दबाव भी होता है. क्या वैभव भी प्रेशर का शिकार हो रहे हैं या पाकिस्तान के खिलाफ वो हद से ज्यादा उत्साहित हो जा रहे हैं? ये सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि आमतौर पर वैभव अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करते हैं, लेकिन पाकिस्तान के विरुद्ध ऐसा नहीं होता है. वो इस एनकाउंटर में बल्ले से ज्यादा अपने रवैये से आक्रामक दिखते हैं. अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में वो पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा से भिड़ गए थे और आउट होने के बाद उन्हें अपना जूता भी दिखाया था.
भारत-पाकिस्तान मैच में जुबानी जंग अच्छी लगती है, लेकिन जुबान के साथ बल्ले का बोलना भी जरूरी है. वैभव सूर्यवंशी को ये समझना होगा कि वो पाकिस्तान को सबसे ज्यादा चोट बल्लेबाजी से ही पहुंचा सकते हैं. उनका बल्ला गरजेगा तो कोई पाकिस्तानी गेंदबाज वैसे भी उनसे बहस नहीं करेगा. विराट कोहली के साथ हम ये कहानी देख चुके हैं. वैभव सूर्यवंशी को भी इस पर काम करने की जरूरत है.