)
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र का फाइनल मैच अगले साल जून में खेला जाएगा. लंदन के ओवल मैदान पर किन दो टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी? ये जानने के लिए फैंस उत्साहित हैं. टीम इंडिया इस रेस में पिछड़ते जा रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने से भारत का अंक प्रतिशत घटकर 50.00% रह गया है, जिससे उसकी राह काफी मुश्किल हो गई है. WTC 2027 फाइनल में जगह बनाने के लिए अब भारतीय टीम को अपने बाकी बचे 6 मैचों में जीत हासिल करनी होगी, लेकिन परेशानी का सबब ये है कि 6 जीत भी फाइनल की गारंटी नहीं देती.
भारत ने जो आखिरी दो टेस्ट खेले हैं, वो दोनों ड्रॉ रहे हैं. मजबूत स्थिति में होने के बावजूद टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई है, जिससे उन्हें 16 अंकों का नुकसान हुआ है. ये 16 पॉइंट्स काफी अहम साबित हो सकते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी टीम इंडिया 720 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर सकी. आखिरी दोनों टेस्ट में गेंदबाजों ने निराश किया है.
WTC 2027 की मौजूदा रैंकिंग में साउथ अफ्रीका का दबदबा है. डिफेंडिंग चैंपियन इस सत्र में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे उनका लगातार दूसरी बार फाइनल खेलना लगभग कन्फर्म है. टेम्बा बावुमा की अगुआई वाली टीम ने इस साइकिल में अभी तक 8 मुकाबले खेले हैं. जिसमें से 6 में उन्हें जीत मिली है और 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. 75.00 पॉइंट प्रतिशत के साथ प्रोटियाज टॉप पर हैं.
साउथ अफ्रीकी टीम फिलहाल अपने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है. प्रोटियाज ने पहले टेस्ट में 9 विकेट से बाजी मारी, जबकि दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने बांग्लादेश को बैकफुट पर धकेल दिया है. सेंचुरियन में जारी मुकाबले में बांग्लादेश की टीम पहली पारी में महज 91 रनों पर ढेर हो गई. कुछ बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो इस मैच में भी साउथ अफ्रीका की जीत कन्फर्म है. जिसका मतलब है कि उनका पॉइंट प्रतिशत 77.77 हो जाएगा.
भारत के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ होने से न्यूजीलैंड का भी नुकसान हुआ है. कीवी टीम अब 66.67 पॉइंट प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गई है. दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिनका पॉइंट प्रतिशत 69.23 है. साउथ अफ्रीका की सीट इसलिए भी लगभग कन्फर्म है, क्योंकि इस सत्र में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी बाकी है. इसका मतलब है कि इन दोनों में से किसी एक का पत्ता कटना तय है. इस लिहाज से भी देखें तो WTC 2027 फाइनल के लिए साउथ अफ्रीका का रास्ता साफ एकदम साफ है.

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारत की राह और कठिन हो गई है. अब किस्मत उनके हाथ में नहीं है. इस सत्र में टीम इंडिया को 6 और मुकाबले खेलने हैं. एक न्यूजीलैंड के खिलाफ और 5 ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर. कहते हैं कि उम्मीद पर दुनिया कायम है. भारतीय फैंस को उम्मीद करनी होगी कि शुभमन गिल एंड कंपनी ये सभी मुकाबले जीते और पॉइंट प्रतिशत में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से आगे रहे. इसी स्थिति में वो फाइनल में जगह बना सकती है, लेकिन संभावना लगभग समाप्त है.