App

देव दिवाली पर सूर्यास्त के बाद इतने मिनट खास, ये 3 गलतियां फेर देंगी पूजा-दीपदान पर पानी

24 नवंबर यानी कि आज देव दीपावली है यानी कि देवी-देवताओं की दिवाली. इस खास मौके पर दीपदान के लिए शाम को कुछ ही देर का शुभ मुहूर्त है. इस दौरान कुछ गलतियां करने से बचें.

देव दिवाली पर सूर्यास्त के बाद इतने मिनट खास, ये 3 गलतियां फेर देंगी पूजा-दीपदान पर पानी
Image Credit: आज देव दीपावली पर शाम को दीपदान करने के लिए शुभ मुहूर्त 2 घंटे 39 मिनट का है. (Photo:AI)

दिवाली के बाद देव दिवाली का इंतजार शुरू हो जाता है. मान्‍यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात देवता धरती पर आकर दिवाली मनाते हैं. इसलिए लोग उनकी कृपा पाने के लिए घाटों, मंदिरों, घरों में ढेर सारे दीप जलाते हैं, विशेष पूजा करते हैं. खासतौर पर देव दिवाली की असली रौनक काशी के घाटों पर देखने को मिलती है. इस साल देव दीपावली 24 नवंबर 2026, मंगलवार यानी कि आज है. सूर्यास्‍त के बाद दीपदान के लिए सबसे शुभ मुहूर्त क्‍या है और दीपदान करने की सही विधि क्‍या है, आइए जानते हैं सारे जवाब.

दीपदान के लिए शुभ मुहूर्त

द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा तिथि रात 08:23 बजे तक रहेगी, ऐसे में इस समय तक दीपदान किया जा सकता है. लेकिन दीपदान के लिए सबसे शुभ समय सूर्यास्‍त के बाद प्रदोष काल में माना गया है. 
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदोष काल : शाम 05:08 बजे से रात 07:47 बजे तक रहेगा. यानी कि करीब 2 घंटे 39 मिनट का समय रहेगा.   
हालांकि, ये मुहूर्त मोटे तौर पर दिल्‍ली-एनसीआर के लिए हैं, स्‍थान के अनुसार शुभ मुहूर्त के समय में कुछ अंतर हो सकता है.

दीपदान करने की सही विधि

मिट्टी के नए दीये लें और उन्‍हें पानी में कुछ देर रखकर सुखा लें. फिर उनमें से कुछ दीपकों में देसी घी डालें. ये दीपक मंदिर, घर के मंदिर, नदी के घाट, तुलसी कोट के पास और मुख्‍य द्वार पर रखें (हर जगह कम से कम एक-एक). देव दिवाली के दिन आमतौर पर 5,7,11, 21, 51 जैसी विषम संख्‍या में दीपक जलाना अच्‍छा माना जाता है. इसके बाद भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का स्‍मरण करें, पूजन करें और अपनी व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें.

न करें ये गलतियां

1. हर दीपक का मुख उत्‍तर या पूर्व दिशा की ओर हो. गलती से भी दक्षिण दिशा की ओर बाती करके दीपक न जलाएं, यह यम की दिशा होती है.

2. मंदिर, मुख्‍य द्वार, तुलसी के पास जलाए गए दीयों के अलावा बाकी दीपक तेल से जला सकते हैं लेकिन ध्‍यान रखें कि सरसों के तेल का उपयोग न करें. बेहतर होगा घी, मूंगफली या तिल के तेल का इस्‍तेमाल करें.

3. दीपदान करते समय प्‍लास्टिक के दीए नदी में न बहाएं. इससे प्रदूषण बढ़ेगा. मिट्टी या आटे के दीए ही इस्‍तेमाल करें.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More