)
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया को निराशा हाथ लगी है. वेलिंगटन में खेला गया ये मुकाबला ड्रॉ हो गया. पहली पारी में 720 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारतीय टीम ये टेस्ट नहीं जीत सकी. आखिरी दिन डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स भारत के दुश्मन बने और दोनों ने ऐसा खूंटा गाड़ा, जिसे टीम इंडिया का कोई गेंदबाज उखाड़ नहीं सका. पांचवें दिन का खेल शुरू होने से पहले तक भारतीय टीम का पलड़ा भारी था. आखिरी दिन 8 विकेट की दरकार थी, लेकिन टीम इंडिया के खाते में सिर्फ 3 विकेट आए और जीती हुई बाजी ड्रॉ में तब्दील हो गई.
वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हुआ और दोनों टीमों को 4-4 अंकों से संतोष करना पड़ा. न्यूजीलैंड की टीम इस नतीजे से खुश होगी, क्योंकि उनपर हार का खतरा मंडरा रहा था. दूसरी तरफ शुभमन गिल एंड कंपनी बेहद निराश होगी और होना भी चाहिए, क्योंकि पिछले दो टेस्ट में मजबूत स्थिति में रहने के बावजूद टीम इंडिया जीत को तरस गई.
WTC नियम के तहत, एक टेस्ट जीतने पर टीम को 12 पॉइंट्स मिलते हैं, जबकि ड्रॉ मैच में दोनों टीमों को 4-4 अंकों से संतोष करना होता है. न्यूजीलैंड से पहले टीम इंडिया ने श्रीलंका का दौरा किया था, जहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी. भारत पहला मुकाबला तो आसानी से जीत गया, लेकिन दूसरे मैच में मजबूत स्थिति में रहने के बावजूद जीत हासिल नहीं हुई और वो टेस्ट ड्रॉ हो गया. उस टेस्ट में भी हाल ऐसा ही रहा था. आखिरी दिन सिर्फ 4 विकेट की दरकार थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के पसीने छूट गए. हैरान करने वाली बात ये है कि फॉलो-ऑन देने के बावजूद भारत से मैच नहीं जीत सका था. श्रीलंका की तरफ से उस टेस्ट की दोनों पारियों में सोनल दिनुशा ने शतक जड़ा था. कहां टीम इंडिया के खाते में 12 अंक आने वाले थे, लेकिन ड्रॉ के चलते हाथ में सिर्फ 4 पॉइंट्स आए.
कोलंबो के बाद वेलिंगटन में भी टीम इंडिया जीत के करीब तो आई, लेकिन फिर भी बहुत दूर रह गई. आखिरी दिन 8 विकेट की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाज एक बार फिर असफल रहे. डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर तक बल्लेबाजी कर विकेट के लिए रुला दिया. नतीजा ये निकला कि भारत को एक बार फिर 4 अंक से संतोष करना पड़ा. मतलब ये है कि पिछले दो टेस्ट मैचों में ज्यादातर कंट्रोल रखने के बावजूद टीम इंडिया जीत नहीं सकी और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है. WTC 2027 फाइनल के लिहाज से देखें तो ये 16 अंक बहुत चुभ सकते हैं.

अब ये कहना गलत नहीं होगा कि टीम इंडिया के लिए WTC 2027 फाइनल का दरवाजा लगभग बंद हो चुका है. अब शुभमन गिल एंड कंपनी की किस्मत उनके हाथ में नहीं है. भारत को अभी इस संस्करण में 6 और मुकाबले (न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर 5 टेस्ट) खेलने हैं. थोड़ी सी उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें इन सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी, जो आसान नहीं होने वाला है. फिलहाल साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया फाइनल के दावेदार माने जा रहे हैं और रेस में आगे हैं. पिछला WTC फाइनल भी इन्हीं दोनों के बीच खेला गया था, जहां टेम्बा बावुमा की टीम कंगारुओं पर भारी पड़ी थी.