App

70 रुपए के टोल के लिए ले ली जान! मैनेजर की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एक साल पहले हुई थी शादी

शाजापुर में 70 रुपए टोल शुल्क के विवाद में पिकअप चालक पर 26 वर्षीय मैनेजर प्रदीप मीणा को कुचलने का आरोप है. उनकी मौत के विरोध में करीब 200 लोगों ने तीन घंटे से ज्यादा चक्काजाम किया. परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की.

70 रुपए के टोल के लिए ले ली जान! मैनेजर की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एक साल पहले हुई थी शादी
Image Credit: Shajapur Toll Plaza Incident (AI Image)

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में महज 70 रुपए के टोल शुल्क को लेकर हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया. अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर पिकअप चालक ने कथित तौर पर 26 वर्षीय टोल मैनेजर प्रदीप मीणा को वाहन से कुचल दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई. घटना के विरोध में मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. करीब 200 लोगों ने टोल प्लाजा पर चक्काजाम कर दिया. तीन घंटे से ज्यादा समय तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

70 रुपए टोल शुल्क को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर पिकअप चालक और टोल मैनेजर प्रदीप मीणा के बीच 70 रुपए टोल शुल्क को लेकर विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिकअप चालक ने प्रदीप को वाहन से टक्कर मारकर कुचल दिया. इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया.

एक साल पहले हुई थी प्रदीप की शादी

ग्रामीणों के मुताबिक, प्रदीप मीणा की उम्र महज 26 साल थी और उनकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी. पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी. प्रदीप की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने टोल संचालन कंपनी से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की स्थिति को देखते हुए कंपनी को तत्काल आर्थिक मदद देनी चाहिए.

200 लोगों ने किया चक्काजाम, थमी वाहनों की रफ्तार

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण मंगलवार को टोल प्लाजा पहुंचे और चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शन में करीब 200 लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा के दोनों तरफ यातायात रोक दिया. इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. परिजन और ग्रामीण आरोपी पिकअप चालक की तत्काल गिरफ्तारी, वारदात में इस्तेमाल वाहन को जब्त करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे.

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला रास्ता

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीओपी निमेश देशमुख और तहसीलदार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना. तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली समझाइश के बाद अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद परिजन और ग्रामीण चक्काजाम समाप्त करने के लिए तैयार हुए. प्रदर्शन खत्म होने के बाद सड़क पर यातायात बहाल हुआ.

मनोज जैन की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More