)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में राहुल गांधी की दिल्ली रैली पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की हालिया रैली को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर कड़ा राजनीतिक प्रहार किया है. राहुल गांधी की 'वोट बचाओ रैली' पर सीधा पलटवार करते हुए उन्होंने इसे असल में 'घुसपैठिया बचाओ रैली' करार दिया.
अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस रैली को लोकतंत्र और वोट बचाने की कवायद बता रही है, उसकी असलियत कुछ और ही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस असल में मतदाता सूची में शामिल अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नामों को बचाए रखने की कोशिश में लगी है. गृह मंत्री के अनुसार, कांग्रेस पार्टी एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में अड़ंगा डालकर इन अवैध प्रवासियों को चुनावी सूची से बाहर होने से रोकना चाहती है, ताकि उसका वोट बैंक सुरक्षित रहे.
HM Shri @AmitShah leads the #SaveDemocracyRemoveAnarchy Maha Padayatra in Hyderabad. https://t.co/OpmK3vBmMo
— BJP (@BJP4India) November 2, 2026
गृह मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का सीधा नाम लेते हुए उन्हें खुलकर चुनौती दी. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि विपक्ष को इस मामले में जितनी ताकत लगानी है, वह लगा ले. भारतीय जनता पार्टी अपने रुख से पीछे हटने वाली नहीं है.
अमित शाह ने भाजपा का संकल्प दोहराते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी हर हाल में सख्त कदम उठाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश की मतदाता सूची से और इस मुल्क की सरजमीं से हर एक अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, चाहे विपक्ष कितना भी विरोध क्यों न कर ले.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है. अपनी कमियों को छिपाने के लिए कांग्रेस बहाने बना रही है, ठीक उसी तरह जैसे कहावत है-'नाच न जाने आंगन टेढ़ा'. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के सामने विपक्ष का कोई मुकाबला नहीं है.
अमित शाह ने दोनों सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने दस वर्षों के शासनकाल में 12 लाख करोड़ रुपये के बड़े-बड़े घपले और घोटाले किए. क्या ऐसी पार्टी के हाथों में फिर से देश की कमान सौंपी जा सकती है? वहीं दूसरी तरफ, मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं और प्रधानमंत्री मोदी पर आज तक चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है. उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि केवल भ्रम और भ्रांतियां फैलाकर चुनाव नहीं जीते जा सकते.
कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी देश भर में धीरे-धीरे सिमट रही है और खुद वेंटिलेटर पर पड़ी है. ऐसी स्थिति में वह मोदी जी के साथ विकास की मैराथन दौड़ नहीं लड़ सकती.
तेलंगाना की जनता से कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस जहां भी सत्ता में आती है, वहां भ्रष्टाचार शुरू हो जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चल रहा 'आरआर टैक्स' सिर्फ रेवंत रेड्डी टैक्स नहीं, बल्कि 'राहुल गांधी थ्रू रेवंत रेड्डी टैक्स' है. जनता इस लूट के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी.
इसके पहले राहुल गांधी की रैली के जवाब में BJP ने पूरे देश में मार्च निकाला. हैदराबाद की सड़कों पर खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक 'महा पदयात्रा' का नेतृत्व करते हुए मार्च निकाला. अमित शाह ने सोमवार को हैदराबाद में अपनी 'पदयात्रा' से पहले चारमीनार स्थित देवी भाग्य लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव भी मंदिर में मौजूद थे। इससे पहले, जब अमित शाह बेगमपेट एयरपोर्ट पहुंचे, तो बीजेपी के अन्य नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था.