App

'झूठ की खेती कर रहे थे राहुल गांधी, खतरे में लोकतंत्र नहीं बल्कि नेता विपक्ष की कुर्सी है', भागलपुर में नितिन नवीन ने बोला बड़ा हमला

भागलपुर में नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो लोकतंत्र की जीत बताता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल क्यों उठाता है.

'झूठ की खेती कर रहे थे राहुल गांधी, खतरे में लोकतंत्र नहीं बल्कि नेता विपक्ष की कुर्सी है', भागलपुर में नितिन नवीन ने बोला बड़ा हमला
Image Credit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (@NitinNabin)

भागलपुर में सोमवार (2 नवंबर, 2026) को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में नहीं है, बल्कि विपक्ष की कुर्सी खतरे में है. विपक्षी दल अपनी राजनीतिक नाकामियों से सीखने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं. भागलपुर के लाजपत पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं.

'विपक्ष के नेता कर रहे झूठ की खेती'

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता झूठ की खेती कर रहे हैं. बिहार से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विपक्ष ने वोट चोरी का आरोप लगाया, लेकिन चुनाव आयोग में शिकायत करने का अवसर मिलने के बावजूद उन्होंने कोई शिकायत नहीं की.

'विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं'

नितिन नवीन ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 60 दिन का समय दिया गया था. भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ मिलकर इस प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि कांग्रेस और राजद के नेता जनता के बीच नहीं पहुंचे. उन्होंने कहा कि एसआईआर पूरा होने के बाद विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा और जनता ने चुनाव में उसे इसका जवाब दिया.

'विपक्ष का मकसद केवल सत्ता हासिल करना'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राजद, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे विपक्षी दलों को जनता ने अलग-अलग राज्यों में नकार दिया है. इसके बाद ये दल संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष का मकसद केवल सत्ता हासिल करना है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के लिए लोकतंत्र की रक्षा और संविधान सर्वोपरि है. उन्होंने सवाल किया कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो लोकतंत्र की जीत बताता है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल क्यों उठाता है.

'भारत के विकास को रोकने का प्रयास'

उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, आतंकवाद, युवाओं में निराशा और महिलाओं की असुरक्षा जैसे मुद्दों के कारण जनता ने कांग्रेस को नकारा था. उन्होंने कहा कि 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, जनकल्याण और देश की सुरक्षा के मुद्दों पर एनडीए को समर्थन दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के टूलकिट के रूप में इस्तेमाल हो रहे हैं और भारत के विकास को रोकने का प्रयास कर रहे हैं.

'जनता पीएम नरेंद्र मोदी के एजेंडे के साथ'

नितिन नवीन ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश की जनता पीएम नरेंद्र मोदी के विकास एजेंडे के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी परिवार के कानून से नहीं. उन्होंने बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास के लिए काम करता रहा है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास की गति आगे बढ़ाई जा रही है.

लाजपत पार्क से निकाली गई पदयात्रा

उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की पहली किरण फूटने वाली धरती है और यहां से निकलने वाला संदेश विपक्ष को जवाब देगा. उन्होंने जनता से अभियान के माध्यम से लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की. उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए 2029 और 2030 में भी बिहार के विकास को आगे बढ़ाएगा. जनसभा के बाद लाजपत पार्क से पदयात्रा निकाली गई, जो घंटाघर चौक पर समाप्त होगी. इसमें एनडीए के विभिन्न घटक दलों के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More