App

'यूपी में BJP सरकार अंगद का पैर, कोई नहीं हटा सकता'...अखिलेश-राहुल को अमित शाह ने दी चुनौती

यूपी चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज लखनऊ पहुंचे.उन्होंने बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया. अमित शाह ने अखिलेश-राहुल को चैलेंज देते हुए कहा कि 30 साल तक दूसरी सरकार नहीं आएगी.

'यूपी में BJP सरकार अंगद का पैर, कोई नहीं हटा सकता'...अखिलेश-राहुल को अमित शाह ने दी चुनौती
Image Credit: Amit Shah Lucknow

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे. वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए. कार्यसमिति को संबोधित करते हुए अमित शाह ने 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया. उन्होंने कहा, "बीजेपी के मालिक हमारे कार्यकर्ता हैं, उन सभी को मेरा प्रणाम, मेरा राम-राम। यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, इसमें कोई दुविधा नहीं है।"

राम मंदिर और 1990 का जिक्र कर सपा पर हमला

अमित शाह ने कहा कि यूपी में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है. आज ही के दिन 1990 में अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं. उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, "मैं पूछना चाहता हूं आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं? आपने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, हमने राम मंदिर बना दिया.आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी. कल्याण सिंह जी ने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को गिराने का काम किया. "

अखिलेश-राहुल को चैलेंज

अमित शाह ने कहा, "गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल और असम में कई बार कमल खिल चुका है, अब अखिलेश बाबू यूपी की बारी है। बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा, उड़ीसा में भाजपा ने बहुमत की सरकार बनाई।"

पूरे देश में भगवा ही भगवा दिखाई देता

चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा, "राहुल गांधी और अखिलेश को चैलेंज है, चुनाव आयोग को लेकर स्पेशल सत्र में चर्चा कर लीजिए, हम तैयार हैं. आप चुनाव हार जाते हैं तो अंपायर पर दोष लगाते हैं. राहुल बाबा और अखिलेश बाबू, अभी 30 साल तक कोई और सरकार नहीं आने वाली, क्योंकि यूपी की देवतुल्य जनता भाजपा के साथ है. पूरे देश में भगवा ही भगवा दिखाई देता है. मोदी 3 बार प्रधानमंत्री बन गए, ऐसे ही करते रहे तो चौथी बार भी बन जाएंगे.

'तीसरी बार सरकार बनी तो UCC लागू करेंगे'

अमित शाह ने कहा, "मैच हारने के बाद अब अंपायर पर आरोप लगाया जा रहा है कि वोट चोरी हुई है। बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है। एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं। हम एक-एक बात का जवाब देने को तैयार हैं, संसद में चर्चा कीजिए।"उन्होंने आगे कहा, "2014 में यूपी में हमारे सिर्फ 44 विधायक थे, बहुत निराशा थी। मैं तहसील स्तर तक गया। एक बार संगठन ठीक हुआ तो 2014 में 41 फीसदी वोट के साथ यूपी में 73 लोकसभा सीटें जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी। हमने 40 फीसदी वोट के साथ 312 सीटें जीती थीं। अब उसी प्रदर्शन को दोहराने का वक्त आ गया है। यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो, यहां भी UCC लागू करेंगे।

कार्यकर्ताओं को दिए 5 निर्देश

बैठक में विपक्ष के नैरेटिव से सावधान रहने का निर्देश भी दिया गया. कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से देश विरोधी ताकतें विदेशी फंडिंग के सहारे युवाओं को बहकाकर देश को अस्थिर करने की साजिश कर रही हैं. विपक्ष रोज नकारात्मक भाषा के साथ सोशल मीडिया पर षड्यंत्र रच रहा है, इसका सार्थक जवाब देना है. अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, चुनाव में मैं आपसे बार-बार मिलूंगा, बस आपका बही-खाता सही होना चाहिए. प्रदर्शन अच्छा करना है तो जमीन पर काम करो.

हर सत्र के बाद होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

बैठक में तय हुआ कि अब हर सत्र के बाद भाजपा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्र की जानकारी देगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More