App

जयपुर में साइबर ठगों का जाल: 11 मामलों में लाखों की चपत, KYC-APK के नाम पर धोखाधड़ी

राजधानी जयपुर में साइबर ठगी के 11 मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है. 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला से एक लाख रुपये की ठगी की गई, जबकि अलग-अलग मामलों में लोगों के खातों से लाखों रुपये निकाल लिए गए.

जयपुर में साइबर ठगों का जाल: 11 मामलों में लाखों की चपत, KYC-APK के नाम पर धोखाधड़ी
Image Credit: जयपुर में साइबर ठगों का जाल

राजधानी जयपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर लोगों की मेहनत की कमाई पर बड़ा हाथ साफ किया है. शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के 11 मामले सामने आए हैं. कहीं बैंक खाते की KYC अपडेट कराने के नाम पर बुजुर्ग महिला को झांसे में लिया गया तो कहीं APK फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी की गई.

इसके अलावा मोबाइल सिम अचानक बंद होने के बाद बैंक खाते से रकम निकलने और बिना जानकारी के खातों से लाखों रुपये ट्रांसफर होने के मामले भी सामने आए हैं. पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

76 वर्षीय बुजुर्ग महिला को KYC के नाम पर लगाया चूना 
दुर्गापुरा में रहने वाली 76 वर्षीय शशि नागपाल साइबर ठगी का शिकार हो गई. पीड़िता के अनुसार, 26 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने बैंक खाते की KYC अपडेट कराने की बात कही और बातचीत में उलझाकर उनके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से दो बार में कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए. जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

APK फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से ठगी 
मालवीय नगर थाना इलाके में साइबर ठगी के दो मामले दर्ज हुए हैं. अभिनव पांडे के साथ 27 अक्टूबर को अज्ञात नंबर से कॉल कर कथित तौर पर गूगल प्ले स्टोर से APK फाइल इंस्टॉल करवाई गई. इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी हुई. इसी पीड़ित की ओर से 28 अक्टूबर को हुई 3 लाख 14 हजार 394 रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत भी दर्ज कराई गई है. दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है.

सिम बंद हुई, खाते से 2.17 लाख रुपये गायब 
विद्याधर नगर थाना इलाके में पंजाब के भटिंडा निवासी सुनील गोयल के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत के अनुसार, उनकी सिम ऑटोमेटिक बंद हो गई और इसके बाद बैंक खाते से 2 लाख 17 हजार 37 रुपये कट गए. साइबर पोर्टल पर की गई शिकायत के आधार पर जीरो नंबर एफआईआर दर्ज होकर जयपुर पहुंची.

मानसरोवर में पिता के खाते से 3.39 लाख रुपये पार 
मानसरोवर थाना इलाके में हीरा पथ निवासी नरेंद्र सजनानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता रमेश कुमार सजनानी के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 12 से 16 अक्टूबर के बीच कुल 3 लाख 39 हजार 880 रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर कर लिए गए.

मुहाना में तीन लोगों को बनाया निशाना
मुहाना थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के तीन मामले दर्ज हुए हैं. पहले मामले में मुहाना निवासी हीरालाल सैनी के खाते से बिना जानकारी के एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए. दूसरे मामले में मदरामपुरा निवासी रमेश चंद बैरवा के खाते से 2 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए गए. तीसरे मामले में श्याम विहार निवासी भंवरलाल शर्मा के खाते से 4 लाख 50 हजार 600 रुपये ट्रांसफर कर साइबर ठगी की गई.

अन्य इलाकों में भी लाखों की धोखाधड़ी
सोडाला थाना इलाके के सरस्वती नगर निवासी भूमिका के साथ 1 लाख 10 हजार 750 रुपये की साइबर ठगी हुई. इस मामले में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज होकर संबंधित थाने पहुंची. पत्रकार कॉलोनी थाना इलाके में कृष्णा सरोवर निवासी देवेंद्र त्यागी के साथ 1 लाख 3 हजार 854 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई. पीड़ित ने 27 अक्टूबर को हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई.

वहीं, शिप्रापथ थाना इलाके के थड़ी मार्केट स्थित SSS बॉयज पीजी में रहने वाले 22 वर्षीय मिलन जांगिड़ के साथ एक लाख एक रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हुई. इस मामले में सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन से जीरो नंबर एफआईआर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज किया गया. इसके अलावा माणक चौक थाना इलाके के पुरोहित जी का कटला में रितेश कुमार के साथ भी ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है.

पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर ठगी के इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं. पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है. लगातार सामने आ रहे मामलों ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More