App

महिला का कत्ल कर फर्श पर लगाया सीमेंट, पेंट कर धुएं से काली हुई दीवारों को पोता, भीलवाड़ा में हत्या का सनसनीखेज खुलासा

भीलवाड़ा में 72 वर्षीय कमला देवी कांकरिया हत्याकांड में तीसरे आरोपी आर्यन शर्मा उर्फ चूचा को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट किया. फर्श पर सीमेंट और दीवारों पर पेंट कर सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप है.

महिला का कत्ल कर फर्श पर लगाया सीमेंट, पेंट कर धुएं से काली हुई दीवारों को पोता, भीलवाड़ा में हत्या का सनसनीखेज खुलासा
Image Credit: Kamla Devi Murder Case

भीलवाड़ा में 72 वर्षीय कमला देवी कांकरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी आर्यन शर्मा उर्फ चूचा को भी गिरफ्तार कर लिया है. उस पर हत्या के बाद महिला का शव जलाने में मदद करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम को रीक्रिएट किया. जांच में सामने आया कि शव जलाने के बाद फर्श पर सीमेंट लगाकर और धुएं से काली हुई दीवारों पर पेंट करके सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी. अब पुलिस डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है.

12 अक्टूबर से लापता थीं कमला देवी
कमला देवी भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में वीर सावरकर चौक स्थित अपने घर में रहती थीं. वह 12 अक्टूबर से लापता थीं. उनकी पुत्रवधू रीना काकड़िया ने भीमगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रवि तापड़िया व हीरा सिंधी को हिरासत में लिया. पूछताछ में दोनों ने महिला की हत्या करने और शव जलाने की बात कबूल की. उन्होंने शव के अवशेष कोठारी नदी पर पालड़ी पुलिया के पास डालने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से अवशेष निकाले.

कमरे में हत्या, छत पर शव जलाने का आरोप
भीमगंज थानाधिकारी सुनील चौधरी के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को मकान के एक कमरे में लाकर उसकी हत्या की. इसके बाद लकड़ी और अन्य सामग्री जुटाकर शव जलाया. पुलिस के अनुसार, शव जलाने से छत भी काफी जल गई थी. बाद में आरोपियों ने छत की खुदाई कर वहां नया सीमेंट लगाया और दीवारों पर पेंट किया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें.

डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की मदद से जुटाए जाएंगे साक्ष्य
पुलिस अब घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है. छत की खुदाई कर वहां से भी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जानी है. पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी और कड़ियां जोड़ी जाएंगी.

परिवार में पहले हो चुकी थी दो मौतें
आसपास के लोगों के मुताबिक, कमला देवी की आर्थिक स्थिति मजबूत थी और वह अक्सर 10 से 15 तोले सोने के जेवर पहनती थीं. उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि करीब चार साल पहले उनके बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. उनकी पुत्रवधू अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रहती थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि कमला देवी के पति लेन-देन का काम करते थे और आरोपियों का उनके घर आना-जाना था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More