App

उत्तराखंडः बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की खबर सामने आ रही है. हेलीकॉप्टर में चालक समेत कुल 6 लोग सवार थे. हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय पुलिस की एक टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी है.

उत्तराखंडः बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार
Image Credit: बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश (Photo- ANI)

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की खबर सामने आ रही है. जानकारी के मुताबिक, बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक से लापता हो गया. इसके थोड़ी देर बाद ही जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की जानकारी सामने आई. खराब मौसम को इस दुर्घटना का प्रमुख कारण बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि भारी बर्फबारी के बीच हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ धाम से उड़ान भरी थी.

 

हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय पुलिस की एक टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में चालक समेत कुल 6 लोग सवार थे. हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व के रूप में हुई है. वहीं, पायलट की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है. 

घटनास्थल के लिए बचाव टीम रवाना

बचाव टीम पहुंचने के बाद ही लोगों के बारे में कोई जानकारी मिल सकेगी. इस घटना पर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि आर्मी की ओर से इस पूरी घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है.

 

 

हादसे पर सीएम धामी ने क्या कहा?

इस हादसे को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है. उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सीएम ने कहा कि वह खुद भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहे हैं. गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More