App

'दो बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया', छपरा में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या

छपरा में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है. पुजारी का शव सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास मिला है. बताया जा रहा है कि पुजारी के सिर में गोली मारी गई है. शुक्रवार की सुबह महिलाओं ने शव देखा.

'दो बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया', छपरा में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या
Image Credit: छपरा में शिव चर्चा कराने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या (Z News)

छपरा के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में 29 अक्टूबर शुक्रवार की सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान स्व. वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है. युवक की हत्या सिर में गोली मारकर की गई है. उसका शव गांव में सड़क किनारे एक मकान निर्माण के लिए रखे गए ईंटों के ढेर के पास पड़ा मिला. घटना के बाद गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं गोबर फेंकने के लिए निकली थीं. इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास पड़े युवक के शव पर पड़ी. शव देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महंतो और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रवि प्रकाश शिव चर्चा करते थे. इसके साथ ही वे धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे. उनकी पत्नी का करीब चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका था. उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं. पिता की हत्या से तीनों बच्चों के सिर से मां के बाद अब पिता का साया भी उठ गया है.

डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है. हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है.

घटनास्थल पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि वरुण राय भी पहुंचे. फिलहाल, युवक की हत्या किस वजह से की गई और हत्यारे कौन हैं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस की जांच और एफएसएल टीम की रिपोर्ट के बाद ही हत्या से जुड़े कई अहम सवालों का खुलासा होने की उम्मीद है.

रिपोर्ट: राकेश सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More