)
उत्तराखंड के चमोली जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. बद्रीनाथ धाम से ऋषिकेश-देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर बद्री घाटी में क्रैश हो गया है. बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच यह हादसा हुआ है, जिसमें पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का एयरबस H125 हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX) दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से 5 यात्रियों को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के महज 7 से 8 मिनट बाद ही अचानक चॉपर का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया और उसकी लोकेशन गायब हो गई. हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की तरफ जा रहा था. खराब मौसम की वजह से चांई और थैंग (थायंग) गांव के ऊपर यह दर्दनाक हादसा हो गया. आर्मी की ओर से दी गई सटीक जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन ने लोकेशन को ट्रेस किया, जहां हेलीकॉप्टर के मलबे के साथ हादसे की आधिकारिक पुष्टि हुई. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार का कहना है कि लोकेशन ट्रेस होते ही SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया.
जोशीमठ पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर मनोहर कन्याल ने बताया कि 14:21 बजे, जोशीमठ के SDM से सूचना मिली कि जोशीमठ इलाके में चाई गांव के ऊपर एक हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है. इस संबंध में UCADA के अधिकारियों ने बताया कि बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहे 'ट्रांस भारत' (Trans Bharat) हेलीकॉप्टर की लोकेशन चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास दिख रही है. इसमें 5 यात्री और 1 पायलट सवार थे.
वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था. जब यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के पास से गुजर रहा था, तब से इसका पता नहीं चल पा रहा है. इस जानकारी के मिलते ही, हमने चमोली जिला प्रशासन, SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और सेना की एक टुकड़ी को घटना स्थल के पास भेजा है, ताकि बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया जा सके. एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में 6 लोग सवार थे.
इस भीषण हादसे में जिन 6 लोगों की जान गई है, उनके कैप्टन हिमांशु सभरवाल (पायलट), अरुण सालुंके (यात्री), एच. एस. नागराजा (यात्री), प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन (यात्री), शंकरगौड़ा वी.बी. (यात्री), सुधीर के. (यात्री) के नाम शामिल हैं.
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि वह खुद पूरे रेस्क्यू अभियान पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन को हर संभव राहत एवं त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
(देहरादून से राम अनुज की रिपोर्ट)