App

Google का AI Mode अब दिखाएगा विज्ञापन, सवाल पूछते ही सामने आएंगे प्रोडक्ट के Ads, जानिए पूरा मामला

गूगल अब आपके हर AI सवाल के जवाब के साथ विज्ञापन भी दिखाएगा. भारत समेत 10 देशों में चौथी तिमाही से शुरू होने वाले इस बड़े बदलाव से आपका सर्च करने का अंदाज पूरी तरह बदलने वाला है!

Google का AI Mode अब दिखाएगा विज्ञापन, सवाल पूछते ही सामने आएंगे प्रोडक्ट के Ads, जानिए पूरा मामला
Image Credit: गूगल AI विज्ञापन

अगर आप भी Google पर ऑफिस के कामों से लेकर मन में आने वाले सवालों को सर्च करते हैं, तो जल्द ही आपका एक्सपीरियंस बदलने वाला है. इंटरनेट की दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी में शामिल गूगल अपने सर्च करने के अंदाज में बदलाव करने जा रही है. अभी तक हम गूगल सर्च में जाते हैं तो सबसे ऊपर ही AI मोड आ जाता है, जहां तुरंत जवाब मिल जाता है, लेकिन अब खेल थोड़ा बदलने वाला है. गूगल भारत समेत दूसरे कई देशों में सर्च के तरीके में बदलाव करने जा रही है, जिसका सीधा असर आपके गूगल एक्सपीरियंस पर पड़ेगा.

गूगल अपने AI Search में एक ऐसा बदलाव करने जा रही है, जिससे अगर आप AI Mode में किसी सवाल का जवाब खोजेंगे, तो उसके साथ विज्ञापन यानी Ads भी दिखाई देंगे. यानी AI से मिली जानकारी के साथ ही आपको उससे जुड़े प्रोडक्ट और सर्विस के Ads भी देखने को मिलेंगे. Google ने इस सुविधा को भारत समेत 10 देशों में शुरू करने का फैसला किया है. कंपनी के अनुसार, यह बदलाव 2026 की चौथी तिमाही से लागू होगा. भारत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, केन्या, मलेशिया, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और सिंगापुर में भी इसकी शुरुआत हो रही है. पाकिस्तान में फिलहाल सिर्फ टेक्स्ट विज्ञापन दिखाए जाएंगे.

AI के जवाब के साथ नजर आएंगे विज्ञापन

अभी तक Google के AI Mode में सवाल पूछने पर आपको बातचीत के अंदाज में जवाब मिलता है. इसमें किसी एक सवाल के बाद उससे जुड़ी दूसरी जानकारी भी मांगी जा सकती है. अब इसी सुविधा में विज्ञापन भी शामिल किए जा रहे हैं.

उदाहरण के लिए, अगर आप AI से किसी लैपटॉप के बारे में पूछते हैं या अलग-अलग मॉडल की तुलना करने को कहते हैं, तो जवाब के साथ लैपटॉप से जुड़े Ads भी दिखाई दे सकते हैं. ये Ads जवाब के आसपास या उसके बीच में नजर आएंगे. लेकिन, इन्हें सामान्य जानकारी से अलग रखने के लिए Sponsored का लेबल लगाया जाएगा.

Google ने बताई इसकी वजह

Google के ग्लोबल विज्ञापन विभाग के वाइस प्रेसिडेंट डैन टेलर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बदलाव की जानकारी दी है. उनके मुताबिक, लोग अब सर्च में पहले से ज्यादा विस्तार से सवाल पूछ रहे हैं. कंपनी के डेटा के अनुसार, AI Mode में पूछे जाने वाले सवाल सामान्य Google Search की तुलना में औसतन तीन गुना लंबे होते हैं. ऐसे में विज्ञापनों के जरिए यूजर्स को उनकी जरूरत से जुड़ी चीजें दिखाने की कोशिश की जा रही है.

कंपनियों को नहीं करना होगा नया खर्च

इस बदलाव से विज्ञापन देने वाली कंपनियों को भी फायदा होगा. Google के मुताबिक, कंपनियों को AI Search में अपने विज्ञापन दिखाने के लिए अलग से कैंपेन बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उनके पुराने विज्ञापन सेटअप से ही Ads दिखाए जाएंगे. वहीं, अमेरिका में इसका एक और एडवांस फीचर Multi-turn Ads दिया जा रहा है. इसमें AI के साथ लगातार बातचीत करने के दौरान भी संबंधित विज्ञापन दिखाई देंगे. Google ने यह भी साफ किया है कि विज्ञापनों का AI के जवाब पर कोई असर नहीं पड़ेगा. यानी पैसे देकर कोई कंपनी अपने प्रोडक्ट को AI के जवाब में बेहतर नहीं दिखा सकेगी. जानकारी और विज्ञापन दोनों अलग रहेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More