)
चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र में बदल गया है और चक्रवात का असर धीरे-धीरे अब कम हो रहा है. दंतेवाड़ा में सुबह से आसमान साफ बना हुआ है और हल्की धूप के साथ मौसम में बदलाव दिख रहा है, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अर्नब तूफान के पहुंचने से पहले दंतेवाड़ा, बारसूर, किरंदुल समेत अन्य इलाकों में आसमान का रंग गहरा लाल दिख रहा है. आसमान के इस अद्भुत नजारे को देखकर लोग हैरान रह गए थे.
लोग आसमान के इस लाल रंग को चक्रवाती तूफान अर्नब के आने से जोड़कर देख रहे हैं. वायरल वीडियो में लोगों का दावा है कि चक्रवात अर्नब के कारण ऐसा हुआ. हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और इस चमकीले लाल रंग का चक्रवात से कोई सीधा संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है.
हालांकि, चक्रवात के आने से पहले ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के अन्य हिस्सों में भी ऐसे ही भयावह दृश्य देखने को मिले हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा उद्धृत विशेषज्ञों का कहना है कि चक्रवात की तेज हवाएं भारी मात्रा में धूल, रेत या लौह-युक्त लाल मिट्टी को उठाकर वायुमंडल में काफी ऊपर तक पहुंचा देती है, जिस वजह से आसमान लाल दिखने लगता है. इस साल मई में चक्रवात नारेल ने ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी भाग डेनहम में तबाही मचाई थी. उस दौरान आसमान का रंग इसी तरह का हो गया था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में यूजर्स इसकी तुलना नेटफ्लिक्स शो 'स्ट्रेंजर थिंग्स' के धधकते लाल आकाश से कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'उल्टा?' एक अन्य यूजर ने 'स्ट्रेंजर थिंग्स' से तुलना करते हुए लिखा, 'वेकना आ रहा है.' कुछ अन्य लोगों ने कहा कि आसमान 'ईविल डेड' फिल्म के सेट जैसा लग रहा है. कुछ यूजर्स ने लोगों को सतर्क रहने की सलाद दी है और चेतावनी दी कि यह उनके लिए खतरनाक हो सकता है.
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चक्रवात अर्नब का असर दिख रहा है और लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है और इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई है. प्रदेश में 2 नवंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. लगातार हो रही बारिश ने राज्य में किसानों की चिंता बढ़ा दी है. बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में धान की फसल प्रभावित हुई है और खेतों में रखी फसल पूरी तरह भीग गई है. (इनपुट- रिकेश्वर राणा)