)
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि वह हमला नहीं करना चाहते हैं, तो दूसरी ओर वह खुद कहते आ रहे हैं कि अमेरिकी सेना हमले के लिए तैयार है. इस बीच तेहरान ने एक बड़ी और सख्त चेतावनी दी है. तेहरान के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो ईरान चुप नहीं बैठेगा.
दरअसल, ईरान के सुरक्षा चीफ मोहसिन रेजाई ने स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ती है, तो पश्चिम एशिया से बाहर यूरोप तक मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ईरान निशाना बनाने में पीछे नहीं हटेगा. हाल में ही एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में रेजाई ने कहा कि अगर किसी भी अमेरिकी बेस से अमेरिकी विमान ईरान पर बम गिराने के लिए उड़ान भरते हैं, तो हम उन ठिकानों को सीधा निशाना बनाएंगे. चाहें वह अमेरिकी बेस यूरोप में हो या दुनिया के किसी भी कोने में हों.
ईरान के सुरक्षा चीफ मोहसिन रेजाई ने एक बार फिर से दोहराया कि अगर अमेरिका की ओर से अब कोई भी हमला किया जाता है, तो ईरान का जवाब बहुत खतरनाक होगा. ईरान अमेरिका के उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा, जिन पर तेहरान ने अभी हमले नहीं किए हैं. ईरानी अधिकारी ने कहा कि तेहरान उन द्वीपों पर हमला कर सकता है, जिन्हें अमेरिका अपनी मिसाइलों की पहुंच से बाहर मानता है.
हाल में ही कतर के पीएम शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी ने अमेरिका का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच बैठक के बाद ट्रंप ने कहा था कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध अब खत्म हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि युद्ध लगभग समाप्त हो गया है और हम मौजूदा स्थिति पर बनाए हुए हैं. हालांकि, इस दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरत पड़ती है, तो अमेरिका एक्शन लेने में पीछे नहीं हटेगा.
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर हवाई हमला किया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी. अमेरिकी हमले में ईरान में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है. इस हमले का जवाब देते हुए ईरान ने खाड़ी के अलग-अलग देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ हमले किए.
इस हमले का सीधा असर दुनिया पर भी देखने को मिला, जब ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया. इसके बंद होने से दुनिया के बड़े हिस्से में कच्चे तेल की सप्लाई ठप हो गई और तेल की कीमतों में इजाफा हो गया. पिछले कुछ समय से युद्ध के रुकने के कारण कच्चे तेल की सप्लाई सामान्य होती नजर आ रही है.