App

नॉलेज सीरीज: राशिफल में रोज पढ़ते होंगे 'ग्रह गोचर', जानिए इसका असल मतलब और आप पर असर

ज्योतिष और राशिफल में ग्रह गोचर का जिक्र प्रमुखता से होता है क्‍योंकि ग्रहों की चाल की गणना से ही भविष्‍यफल निकाला जाता है. आखिर क्‍या मतलब होता है ग्रहों के राशि व नक्षत्र गोचर का और इसका आपकी जिंदगी पर क्‍या असर होता है. नॉलेज सीरीज में जानिए सारे जवाब.

नॉलेज सीरीज: राशिफल में रोज पढ़ते होंगे 'ग्रह गोचर', जानिए इसका असल मतलब और आप पर असर
Image Credit: 9 ग्रहों के 12 राशियों और 27 नक्षत्र में आने-जाने की स्थिति के आधार पर ही राशिफल या भविष्‍यफल की गणना की जाती है. (Photo:AI)

आप रोज या अक्‍सर अपना राशिफल, भविष्‍यफल पढ़ते होंगे. अब नया साल 2027 शुरू होने को है लिहाजा राशिफल पढ़ने का सिलसिला और बढ़ जाएगा, ताकि आने वाले समय के बारे में जान सकें. राशिफल निकालने के लिए ग्रहों की स्थिति की गणना की जाती है, जो कि लगातार अपनी स्थिति बदलते रहते हैं.

आमतौर पर बोलचाल की भाषा में इसे ग्रहों की चाल बदलना कहते हैं. फिर चाहे वह ग्रह का एक राशि से दूसरी राशि में जाना हो, नक्षत्र बदलना हो, उल्‍टी या सीधी चाल हो या अस्‍त-उदय होना. जबकि इन सारी एक्टिविटीज के लिए ऐस्‍ट्रोलॉजी की अपनी टर्मिनोलॉजी या शब्‍द हैं, जैसे- ग्रह गोचर, नक्षत्र गोचर, वक्री ग्रह आदि. आज हम जानते हैं 'गोचर' शब्‍द का मतलब, जिसके बिना राशिफल की कल्‍पना भी नहीं की जा सकती है.

क्‍या होता है 'ग्रह गोचर'?

गोचर शब्‍द संस्‍कृत का एक शब्‍द है, जिसका मतलब होता है गमन करना, जाना या आगे बढ़ना. चूंकि खगोल विज्ञान और ज्‍योतिष विज्ञान की दुनिया में ग्रहों को स्थिर नहीं, बल्कि चलायमान माना गया है. यानी कि वे लगातार घूमते रहते हैं. उनके इसी तरह घूमने और आगे बढ़ने को गोचर कहा जाता है.

ज्‍योतिष के अनुसार, पूरे आकाश मंडल में 12 राशियां और 27 नक्षत्र होते हैं. हर ग्रह इन्‍हीं राशियों के राशिचक्र में ही घूमते रहते हैं. यानी कि एक राशि से निकलते हैं और दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं. यह सिलसिला अनवरत जारी रहता है. इसे ही ग्रह का राशि गोचर या राशि परिवर्तन कहते हैं.

इसी तरह वे राशियों के अंतर्गत आने वाले नक्षत्रों में भी जाते हैं. जब ग्रह एक नक्षत्र से दूसरे नक्षत्र में जाते हैं तो उसे ग्रह का नक्षत्र गोचर या नक्षत्र परिवर्तन कहते हैं.  

हर ग्रह के गोचर का समय अलग-अलग

हर ग्रह की अपनी अलग चाल या गति है और सूर्य से अलग-अलग दूरी है. इस कारण हर ग्रह के राशि गोचर करने का समय भी अलग-अलग होता है. जैसे- चंद्रमा सबसे जल्‍दी करीब सवा 2 दिन में राशि बदलते हैं. वहीं शनि सबसे ज्‍यादा ढाई साल में राशि परिवर्तन करते हैं. ये हैं 9 ग्रह और उनका राशि गोचर का समय.

1. चंद्रमा (Moon): लगभग 2.25 दिन (54 से 60 घंटे) 
2. सूर्य (Sun): लगभग 1 महीना (30 दिन)
3. बुध (Mercury): लगभग 21 से 30 दिन
4. शुक्र (Venus): लगभग 23 से 30 दिन 
5. मंगल (Mars): लगभग 45 से 60 दिन
6. बृहस्पति / गुरु (Jupiter): लगभग 1 साल 
7. शनि (Saturn): लगभग ढाई साल 
8. राहु (Rahu): लगभग 18 महीने 
9. केतु (Ketu): लगभग 18 महीने  

आपकी जिंदगी पर असर

इसके लिए हमें ज्‍योतिष के थोड़े और अंदर उतरना होगा. हर व्‍यक्ति की अपनी जन्‍म राशि होती है यानी कि उसके जन्‍म के समय चंद्रमा जिस राशि में थे, वह उसकी जन्‍म राशि होगी. अब जब भी कोई ग्रह गोचर करता है तो आप पर उसका असर जानने के लिए आपकी जन्‍म राशि से वह किस घर में है, यह देखा जाता है.

जो ग्रह आपकी राशि के जिस भाव में होगा, उसी के अनुसार फल देगा. यदि ग्रह आपकी राशि से शुभ भाव (जैसे 3, 6, 10 या 11वें भाव) में जाता है, तो करियर में तरक्की, धन लाभ और अच्छे समाचार मिलते हैं. वहीं, यदि ग्रह अशुभ भाव (जैसे 4, 8 या 12वें भाव) में गोचर करता है, तो स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव, मानसिक तनाव या काम में रुकावटें आ सकती हैं.

जो ग्रह जल्‍दी-जल्‍दी राशि बदलते हैं, उनका असर भी जल्‍द बदलता रहता है. वहीं शनि, राहु-केतु, गुरु ग्रह का प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य ज्योतिषीय मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More