App

कहीं आप अपना रोज गलत राशिफल तो नहीं पढ़ रहे? समझ लें सूर्य राशि, चंद्र राशि और लग्न राशि का खेल!

कई लोगों की सुबह राशिफल या अपना भविष्‍यफल पढ़ने से होती है, लेकिन उन्‍हें पता ही नहीं होता है कि वो उनकी असली राशि है भी या नहीं? आज जानते हैं अपनी सही राशि जानने का तरीका और कौन-सा राशिफल पढ़ना चाहिए?

कहीं आप अपना रोज गलत राशिफल तो नहीं पढ़ रहे? समझ लें सूर्य राशि, चंद्र राशि और लग्न राशि का खेल!
Image Credit: राशि निकालने के 3 तरीके और उनसे क्‍या पता चलता है, विस्‍तार से जानिए. (Photo: AI)

आपको भी रोज सुबह उठते ही सबसे पहले वेबसाइट, टीवी या न्‍यूजपेपर पर राशिफल देखने-सुनने की आदत है? अगर हां, तो ये आर्टिकल आपको पढ़ना चाहिए. हो सकता है, आप रोज सुबह जिसे अपनी राशि समझकर राशिफल पढ़ रहे हों, वो आपकी राशि ही न हो. दरअसल ज्योतिष में 3 तरह की राशियां होती हैं. हर व्‍यक्ति की ये तीनों राशियां निकालने के अलग-अलग तरीके होते हैं और वे तीनों अलग-अलग भविष्‍यफल बताती हैं. परेशान और कंफ्यूज मत होइए, यहां जानिए सूर्य राशि, चंद्र राशि और लग्‍न राशि क्‍या होती हैं, इनका अंतर और राशिफल देखने का सही तरीका.

3 राशियां और उनमें अंतर

1. सूर्य राशि (Sun Sign) - आमतौर पर अखबारों में सूर्य राशि पर आधारित राशिफल ही पब्लिश होता है. यह अंग्रेजी कैलेंडर और पश्चिमी देशों के ज्‍योतिष का तरीका है. इसमें व्‍यक्ति की बर्थडेट से उसकी राशि जानी जाती है. जैसे 21 मार्च से 19 अप्रैल के बीच जन्मे सभी लोगों की राशि मेष होगी. यह राशिफल व्‍यक्ति के बाहरी व्यक्तित्व के बारे में बताता है. आमतौर पर यह बेहद जेनेरिक होती है, इससे ज्‍यादा कुछ पता नहीं चलता है.

2. चंद्र राशि (Moon Sign) - भारतीय वैदिक ज्योतिष में इसी को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता है. यह वो राशि होती है, जो जन्‍म के समय चंद्रमा की राशि होती है. जन्‍म कुंडली में यही राशि लिखी होती है. इसी में नाम के पहले अक्षर से राशि का पता चलता है. आमतौर पर पंडितों द्वारा बताया गया राशिफल चंद्र राशि पर ही आधारित होता है. यह राशिफल आपके मन, भावनाओं, माता, मानसिक स्थिति, निर्णय क्षमता आदि के बारे में प्रमुख तौर पर बताती है. यहां बता दें कि चंद्रमा ढाई दिन तक एक ही राशि में होता है और उसी के आधार पर इस राशिफल की गणना की जाती है.

3. लग्न राशि (Ascendant) - ये सबसे सटीक और एकदम व्‍यक्तिगत राशि होती है. आपके जन्म के एकदम सटीक समय पर पूर्व दिशा में जो राशि उदय हो रही थी, वो लग्‍न राशि कहलाती है. ये हर 2 घंटे में बदल जाती है. इसलिए जुड़वां बच्चों की भी लग्न राशि अलग-अलग हो सकती है. लग्‍न राशि ही आपके पूरे शरीर, लुक, स्वभाव और पूरी जिंदगी की दिशा तय करती है. कुंडली का पहला घर भी लग्‍न का होता है, जो सबसे अहम रोल निभाता है. कुंडली देखकर जो भविष्‍यवाणी की जाती है, वही अपेक्षाकृत आपका सबसे सटीक भविष्‍य बताता है.

type of zodiac signs

फिर कौन-सा राशिफल पढ़ें?

यदि आप सामान्‍य मनोरंजन के लिए राशिफल पढ़ रहें है तो सूर्य राशि आधारित राशिफल पढ़ सकते हैं. अगर आप अपने दिन का हाल और मन की स्थिति जानना चाहते हैं तो चंद्र राशि आधारित राशिफल पढ़ें. वहीं अपने भविष्‍य की अहम घटनाओं के बारे में जानने, अहम निर्णय लेने से पहले मार्गदर्शन लेने के लिए, जैसे - करियर, शादी आदि के लिए विशेषज्ञ से कुंडली दिखाएं और अपने भविष्‍य के संकेत जानें.

तीनों राशियां कैसे निकालें?

सूर्य राशि के लिए सिर्फ डेट ऑफ बर्थ यानी जन्‍म तारीख काफी है. अपनी बर्थडेट गूगल पर डालें और तारीख व महीने के अनुसार आपकी सूर्य राशि आ जाएगी.

चंद्र राशि और लग्‍न राशि के लिए पूरी जन्‍मतारीख (तारीख, महीना और साल), जन्‍म का सटीक समय और जन्‍मस्‍थान को किसी ऐप में डालकर अपनी चंद्र राशि और लग्‍न राशि जान सकते हैं.

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. इसकी सत्यता, सटीकता और सफलता की Zee News पुष्टि नहीं करता है.) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो