)
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मतदान के बाद घर लौट रहे एक युवक के साथ भीषण सड़क हादसा हो गया. उदाजी का गढ़ा मतदान केंद्र पर वोट डालकर बाइक से घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क से दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, उसकी बाइक बोलेरो के अगले हिस्से में फंस गई. हैरानी की बात यह रही कि बाइक फंसने के बावजूद ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 5 किलोमीटर तक उसे सड़क पर घसीटता रहा.
मतदान कर घर लौट रहा था युवक
घायल युवक की पहचान बलोता का खेड़ा निवासी गणेशलाल पुत्र प्रभुलाल के रूप में हुई है. उसके चाचा पन्नाशंकर के अनुसार, गणेशलाल उदाजी का गढ़ा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने गया था. वोट डालने के बाद वह शाम करीब 6 बजे बाइक से घर लौट रहा था.
इसी दौरान रास्ते में एटीएम के पास प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गणेशलाल बाइक से उछलकर दूर जा गिरा. टक्कर के कारण उसे गंभीर चोटें आईं. दूसरी ओर, उसकी बाइक बोलेरो के बंपर के नीचे बुरी तरह फंस गई.
5 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता रहा बाइक
हादसे के बाद बोलेरो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी. बाइक वाहन के नीचे फंसी होने के बावजूद वह खमेरा से घाटोल की तरफ आगे बढ़ता रहा. इस दौरान करीब 5 किलोमीटर तक बाइक सड़क पर घिसटती रही. सड़क पर बाइक के रगड़ने से लगातार चिंगारियां निकलती दिखाई दीं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने बोलेरो का पीछा किया. काफी प्रयासों के बाद गाड़ी को रुकवाया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर बोलेरो को एक तरफ पलटाया, ताकि उसके नीचे फंसी बाइक को बाहर निकाला जा सके.
घायल युवक एमजी अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने घायल गणेशलाल को तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया. वहां उसका उपचार जारी है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. मतदान कर घर लौट रहे युवक के साथ हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.
Reporter- Ajay Ojha