App

खेलते हुए लापता हुआ 10 साल का अमन, चाचा ने ही घोंटा गला... मुजफ्फरनगर कांड से सहमा UP

पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में लापता 10 साल के मासूम अमन की उसी के चाचा ने हत्या कर दी.

खेलते हुए लापता हुआ 10 साल का अमन, चाचा ने ही घोंटा गला... मुजफ्फरनगर कांड से सहमा UP
Image Credit: Muzaffarnagar News

अंकित मित्तल/मुजफ्फरनगर: पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है.  रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में 2 दिन से लापता 10 साल के मासूम अमन की उसी के चाचा ने हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी चाचा अरमान को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद किया है. पूछताछ में आरोपी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या करने और शव खेत में दबाने की बात कबूल की है.

खेलते-खेलते घर से हुआ था लापता

सठेडी गांव का रहने वाला 10 वर्षीय अमन दो दिन पहले घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक गायब हो गया। परिजनों ने पूरे गांव और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने रतनपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने जब परिवार से पूछताछ शुरू की तो शक की सुई घर के अंदर ही घूम गई.

दूसरे भाई ने पीटा तो भतीजे से लिया बदला

पुलिस ने शक के आधार पर अमन के चाचा अरमान को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया. आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले पंजाब में उसके दूसरे भाई (अमन के दूसरे चाचा) ने किसी बात पर उसकी पिटाई की थी. इसी का बदला लेने के लिए उसने प्लान बनाया था. उसने अपने ही 10 साल के भतीजे अमन का अपहरण कर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को गांव के बाहर गन्ने के खेत में फेंक दिया.

परिवार में कोहराम, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची है. मृतक के एक अन्य चाचा गुलशेर ने बताया कि मासूम की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, पारिवारिक रंजिश की भेंट 10 साल का बच्चा चढ़ गया. रतनपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अरमान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है. परिवार ने फांसी की सजा की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More