)
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने एक ऐसे 'हनीट्रैप' गैंग का पर्दाफाश किया है, जो मां-बेटे की जोड़ी मिलकर चला रही थी. यह गैंग एनसीआर की पढ़ी-लिखी, नौकरीपेशा और तलाकशुदा युवतियों को अपना शिकार बनाता था. यह गैग प्रेम जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी और ब्लैकमेलिंग की वारदातों को अंजाम देता था. पुलिस ने आरोपी हिमांशु माथुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी मां की तलाश तेजी से की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमांशु डेटिंग ऐप 'फॉर फ्रेंड सर्कल', सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए युवतियों से संपर्क करता था. वह खुद को तलाकशुदा और अकेला बताकर नजदीकियां बढ़ाता था. इसके बाद वह अपनी मां से युवती की बात कराता था. मां फोन पर युवती से कहती थी कि ये तो हमारी बहू है, अब तो तुम ही घर संभालोगी. एक बुजुर्ग महिला के मुंह से 'बहू' शब्द सुनते ही युवतियां भावनात्मक रूप से पूरी तरह उसके भरोसे के जाल में फंस जाती थीं.
भरोसा जीतने के बाद आरोपी युवतियों को लग्जरी होटल में मिलने के बहाने बुलाता था. वहां बंद कमरों में जबरन शारीरिक संबंध बनाने के बाद वह चुपके से अश्लील वीडियो बना लेता था. इसके बाद शुरू होता था असली टॉर्चर. वीडियो वायरल करने, जान से मारने और सोसाइटी में बदनाम करने की धमकी देकर आरोपी युवतियों से नकदी, महंगे आईफोन और सोने के जेवर ऐंठता था. ये गैंग अब तक 10 से 12 युवतियों को अपना शिकार बना चुका है.
गाजियाबाद की एक पीड़िता से आरोपी ने 12 लाख रुपये नकद, 50 हजार ऑनलाइन और लगभग 63 ग्राम सोना ऐंठ लिया था. विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना दी जाती थी, जिससे परेशान होकर एक पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था.
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हिमांशु अब तक चार महिलाओं से शादियां कर चुका है और पिछले करीब पांच साल से इस गोरखधंधे को चला रहा था. गाजियाबाद की युवती के अलावा दो अन्य युवतियों ने भी सामने आकर शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिनमें एक से सवा करोड़ और दूसरी से 30 लाख रुपये की ठगी का आरोप है. सीओ तृतीय सर्वम सिंह का कहना है कि क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस टीम फरार मां की गिरफ्तारी और इस पूरे सिंडिकेट के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है.
गाजियाबाद की एक युवती की शिकायत में बताया गया है कि 16 अगस्त 2025 को उसकी पहली मुलाकात हिमांशु से गाजियाबाद में हुई थी. आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसे भरोसे में लिया और अपनी बहन से भी बात करवाकर कहा कि यही तुम्हारी होने वाली भाभी है. इसी भरोसे में युवती ने बातचीत शुरू कर दी. इसके बाद 30 अगस्त 2025 को शादी का झांसा देकर अलीगढ़ के एक होटल में बुलाया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
आरोपी ने फिर बहाना बनाया और युवती से करीब 12 लाख रुपये नकद, 50 हजार रुपये ऑनलाइन और लगभग 63 ग्राम सोना ले लिया. पीड़िता का आरोप है कि पैसे मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज करता था. सभी मामलों में आरोपी का पैटर्न एक जैसा था.
पीड़िता का कहना है कि चार जनवरी को उसने आरोपी का फोन देखा तो उसमें अन्य लड़कियों के साथ आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिले. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या करने की कोशिश की.
उसका आरोप है कि 13 अक्टूबर को आरोपी जबरन उसके घर में घुस गया. उसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया और घर से नकदी, आईफोन 17 मैक्स प्रो और सोना चुराकर भाग गया. 2 फरवरी से 12 फरवरी तक अलीगढ़ लाकर भी जबरन संबंध बनाए और चुपके से वीडियो बना लिया. जिसके जरिए वह धमकी देकर रंगदारी मांग रहा है.
(अलीगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट)