App

शहनाई गूंजने से पहले खून-खराबा: शख्स ने कुल्हाड़ी से तोड़ा भाभी का सिर, पंजाब में रिटायर्ड SI गिरफ्तार

Punjab Crime News: पंजाब में एक शख्स ने 70 साल की अपनी भाभी को कुल्हाड़ी से पीटकर मार डाला. आरोपी की पहचान मोहकम सिंह के तौर पर हुई है. वह पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर के तौर पर रह चुका है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

शहनाई गूंजने से पहले खून-खराबा:  शख्स ने कुल्हाड़ी से तोड़ा भाभी का सिर, पंजाब में रिटायर्ड SI गिरफ्तार

Punjab News: पंजाब के मोहाली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी. मृतक महिला की पहचान 70 साल की करनाइल कौर के रूप में हुई है. हैरानी की बात यह है कि परिवार अगले महीने होने वाली अपने छोटे बेटे की शादी की तैयारियों में जुटा था.

इस घटना के बाद से परिवार में खुशियों का माहौल गहरे मातम में बदल गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी मोहकम सिंह पंजाब पुलिस से सब इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुआ था. परिजनों ने बताया कि वह कुछ समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था.

कुल्हाड़ी से पीटकर की हत्या

 
बताया जा रहा है कि परिवार वालों ने आरोपी मोहकम सिंह को कल रात ( 30 अक्टूबर 2026) को पास के ही एक घर में बंद कर दिया था, लेकिन रात करीब 2 बजे उसने कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़ दिया. इसी बीच शोर सुनकर करनाइल कौर दूसरे कमरे से बाहर आईं तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी के चचेरे भाइयों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी.

दरवाजा खोलते ही किया वार 


आरोपी मोहकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. घटना को लेकर मृतक के बेटे हरतेज सिंह ने खरड़ सदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. हरतेज ने पुलिस को बताया कि मोहकम उनके घर के पास एक शेड में रहता था और गांव में अपने खेतों के पास भैंस पालता था. उन्होंने बताया,' 29 अक्टूबर 2026 को रात के करीब 2 बजे मेरे चाचा कुल्हाड़ी लेकर हमारे दरवाजे पर आए. डर के मारे हमने दरवाजा नहीं खोला. मेरी मां एक अलग कमरे में सो रही थीं और उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा खोला. मोहकम ने उनके सिर पर मारा, जिससे उनके सिर की हड्डी टूट गई.'

पुलिस ने किया गिरफ्तार 


हरतेज पुलिस को आगे बताया कि उसने मोहकम के बेटे मनजोत सिंह को फोन करके घटना के बारे में बताया. मनजोत और उसका भाई गुरकीरत सिंह मौके पर आए और अपने पिता को पकड़ लिया. उन्होंने कुल्हाड़ी भी फेंक दी. हरतेज ने बताया कि अपने चचेरे भाइयों की मदद से उन्होंने मोहकम को बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को खबर दी. मोहकम करीब सात साल पहले पुलिस फोर्स से हवलदार के पद से रिटायर हुए थे. मामले को लेकर SI बलविंदर सिंह ने कहा कि अभी तक कोई बदला लेने का मकसद या पारिवारिक विवाद सामने नहीं आया है. आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, घटना को लेकर आगे की जांच जारी है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More