)
इस समय भोजपुरी म्यूजिक और फिल्मों का डंका पूरे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक बज रहा है. यूट्यूब से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, भोजपुरी गानों की धुन पर हर कोई थिरकता नजर आता है. पवन सिंह, खेसारी लाल यादव और अक्षरा सिंह जैसे सितारे आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं और उनकी फैन फॉलोइंग ग्लोबल लेवल पर फैल चुकी है. लेकिन इस चकाचौंध और स्टारडम के पीछे एक ऐसी दुनिया भी है जो भाषा, साहित्य और उसकी असली रूह को बचाने में जुटी है. आइए, इसी कड़ी में मिलते हैं जाने-माने रचनाकार मनोज भावुक से, जिन्होंने भोजपुरी को ग्लोबल मंच पर एक नई पहचान दी है.
इंजीनियरिंग की अच्छी कमाई और आरामदायक दुनिया को छोड़कर साहित्य, संगीत और सिनेमा के गलियारों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले जाने-माने रचनाकार मनोज भावुक आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. हाल ही में उनके साथ हुई एक खास बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी इस अनोखी लाइफ जर्नी, भोजपुरी भाषा के अतीत, वर्तमान और उसके भविष्य को लेकर खुलकर अपने दिल की बात रखी. पेश है उनसे हुई बातचीत के कुछ मुख्य अंश.
अपनी इस जीवन यात्रा के बारे में बात करते हुए मनोज भावुक ने बताया कि ये बदलाव अचानक नहीं था, बल्कि उनके भीतर का कलाकार लंबे समय से साहित्य और संगीत में रम रहा था.इंजीनियरिंग भले ही उनकी पढ़ाई और पेशा रही हो, लेकिन लेखन उनका मूल स्वभाव था. एक दौर ऐसा आया जब उन्हें लगा कि जिंदगी कमाई के आंकड़ों से नहीं, बल्कि भीतरी संतोष से तय होनी चाहिए.

फिर क्या था, उन्होंने बिना किसी मलाल के विदेश की अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी, क्योंकि उनके लिए अपने जुनून और खुशी से बड़ा कुछ नहीं था. वो खुद को किसी एक खांचे में बांधने के बजाए सबसे पहले एक संवेदनशील रचनाकार मानते हैं, जिनकी रूप भले बदलती हों, लेकिन संवेदनाएं हमेशा एक जैसी रहती हैं.
अपनी रचनाओं और कला पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि गजल उनके लिए कम शब्दों में बड़ी बात कहने का माध्यम और दिल की डायरी जैसी है. वहीं फिल्मी गीतों में वो किसी किरदार की आवाज बनते हैं, हालांकि दोनों ही जगहों पर उनका अपना दिल ही बोलता है. 'तोर बउरहवा रे माई' जैसे मर्मस्पर्शी गीतों के पीछे के एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए उन्होंने माना कि मां पर लिखने के लिए कल्पना से ज्यादा गहरे अहसास की जरूरत होती है. भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता के सवाल पर उनका साफ मानना है कि पॉपुलैरिटी जरूरी है, लेकिन भाषा की गरिमा को दांव पर लगाकर नहीं.

सवाल : इंजीनियरिंग की पढ़ाई, विदेश में नौकरी और फिर अचानक साहित्य और सिनेमा की दुनिया...ये बदलाव कैसे हुआ?
मनोज भावुक : ये बदलाव अचानक नहीं था, मन भीतर से हमेशा साहित्य और संगीत में रमता था. इंजीनियरिंग मेरी पढ़ाई और पेशा था. लेकिन लेखन मेरा स्वभाव, एक समय लगा कि जिंदगी वही होनी चाहिए, जिसमें दिल भी शामिल हो. मैंने वही चुना.
सवाल : विदेश की अच्छी जिंदगी छोड़ने का अफसोस कभी हुआ?
मनोज भावुक : नहीं, जिंदगी के कुछ फैसले कमाई देखकर नहीं, अपनी खुशी देखकर किए जाते हैं.
सवाल : आप खुद को पहले क्या मानते हैं, गजलकार, गीतकार, लेखक या पत्रकार?
मनोज भावुक : सबसे पहले एक रचनाकार, विधाएं बदलती रहती हैं, संवेदना नहीं.
सवाल : भोजपुरी सिनेमा में आपके गीतों की अलग पहचान है. इसकी वजह क्या मानते हैं?
मनोज भावुक : मैं गीत को सिर्फ धुन के लिए नहीं लिखता, भाव के लिए लिखता हूं. कोशिश रहती है कि गीत सुनने के बाद भी कुछ देर दिल में बजता रहे.
सवाल : 'तोर बउरहवा रे माई' जैसे गीत लोगों को भावुक कर देते हैं. ऐसे गीत कैसे बनते हैं?
मनोज भावुक : मां पर लिखने के लिए कल्पना से ज्यादा अनुभव चाहिए. मां को महसूस कीजिए, शब्द अपने आप रास्ता खोज लेते हैं.
सवाल : आपकी नजर में भोजपुरी सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत क्या है?
मनोज भावुक : इसकी मिट्टी, इसके रिश्ते और इसकी संगीत परंपरा. भोजपुरी की कहानी में पूरा समाज बसता है.
सवाल : आपकी जिंदगी का कोई एक मंत्र?
मनोज भावुक : अपनी जड़ों से जुड़े रहिए और अपने सपनों को पंख देते रहिए.
फिल्मफेयर और फेमिना भोजपुरी आइकॉन्स जैसे बड़े मंचों से सम्मानित होने पर भावुक ने कहा कि ऐसे पुरस्कार खुशी देने के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ाते हैं. भोजपुरी सिनेमा के इतिहास को सहेजने के लिए उन्होंने गंभीर शोध करते हुए 'भोजपुरी सिनेमा के संसार' जैसी अहम किताब लिखी. उनका मानना है कि जिस भाषा और सिनेमा का वर्तमान इतना बड़ा हो, उसका व्यवस्थित इतिहास भी दर्ज होना बेहद जरूरी है, ताकि हमारी विरासत कहीं गुम न हो जाए.
मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम से लेकर ब्रिटेन तक फैली भोजपुरी की जड़ों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये केवल एक बोली या भाषा नहीं, बल्कि करोड़ों माइग्रेंट्स की सांस्कृतिक विरासत और यादों का अटूट हिस्सा है. लंबे समय से 'भोजपुरी जंक्शन' पत्रिका का संपादन कर रहे भावुक का मुख्य सपना ये है कि देश-दुनिया के किसी भी कोने में बैठा कोई बेहतरीन रचनाकार केवल इसलिए पीछे न छूटे कि वो किसी बड़े महानगर में नहीं रहता है. वो चाहते हैं कि गांव से लेकर विदेश तक के लेखकों को एक मंच मिले.

इंटरव्यू के आखिर में अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि के सवाल पर मनोज भावुक ने बहुत ही सहजता से कहा कि वो किसी एक पहचान में बंधना नहीं चाहते हैं. उनके लिए लोकप्रियता भले ही अच्छी चीज हो, लेकिन सार्थकता उससे कहीं ज्यादा जरूरी है. वो ऐसा काम करना चाहते हैं, जो सिर्फ कुछ समय के लिए वायरल न हो, बल्कि हमेशा के लिए यादगार बन जाए. आने वाले समय में भी वो अपनी मिट्टी से जुड़े रहकर भोजपुरी भाषा और साहित्य को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए निरंतर समर्पित भाव से काम करते रहना चाहते हैं.