App

ईरान की मिसाइल ताकत, उत्तर कोरिया का सहारा: पहाड़ के नीचे तेहरान का 'महामिशन', परमाणु ठिकानों के बीच बना रहा मिलिट्री सिटी

ईरान तेजी से बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण कर रहा है. हालिया एक रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है. दावा है कि सैन्य हथियार बनाने में उत्तर कोरिया के विशेषज्ञ दूर से ही ईरानी तकनीशियनों की मदद कर रहे हैं.

ईरान की मिसाइल ताकत, उत्तर कोरिया का सहारा: पहाड़ के नीचे तेहरान का 'महामिशन', परमाणु ठिकानों के बीच बना रहा मिलिट्री सिटी
Image Credit: जमीन के नीचे ईरान की सिक्रेट मिलिट्री. (फोटो- एआई)

अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान अपनी सैन्य ताकत को फिर से खड़ा करने में जुटा है. हालिया सैटेलाइट इमेज से पता चला है कि ईरान नतांज और इस्फहान परमाणु ठिकानों के बीच पहाड़ खोदकर एक मजबूत अंडरग्राउंड हथियार केंद्र बना रहा है. बताया जाता है कि यह काम काफी तेजी से किया जा रहा है.

जहां एक तरफ ईरान अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत करने में लगा है, तो दूसरी ओर एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि उत्तर कोरिया के विशेषज्ञ ईरान के अंडरग्राउंड 'मिसाइल शहरों' में नए लॉन्च सिस्टम बनाने में मदद कर रहे हैं. सामने आई इस रिपोर्ट से अमेरिका की चिंता बढ़ सकती है. अमेरिका भले दावा करता आया हो कि उसने ईरान को बैकफुट पर ला दिया, लेकिन ईरान ने अमेरिका के हर हमले का मजबूती से जवाब दिया है.

सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिखा?

सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि नतांज के 'हैमर माउंटेन' और इस्फहान परमाणु केंद्र के ठीक बीच एक भारी निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जो काफी तेजी से चल रहा है. दावा है कि एक साल से भी कम समय में ईरान ने इस बंजर जमीन पर दो अलग-अलग अंडरग्राउंड सुरंग परिसर खोद दिए हैं.

वहीं, एक दिन पहले की तस्वीर में पता चला कि अब इसके चारों ओर 50 वर्ग किलोमीटर (19.3 वर्ग मील) का बड़ा सरक्षा घेरा बनाया जा रहा है. अमेरिकी संस्था 'इंस्टीट्यूट फॉर साइंस एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी' ने ईरान की ओर से किए जा रहे इस निर्माण पर ध्यान दिया है और कहा कि निर्माण की यह रफ्तार और सुरक्षा इंतजाम ईरान के पुराने पैटर्न से मेल खा रहे हैं. संस्थान ने माना कि यह मिसाइल और बड़े हथियार बनाने का अहम अड्डा लगता है.

उत्तर कोरिया कर रहा ईरान की मदद

जहां एक ओर ईरान सैन्य क्षमता को बढ़ा रहा है, तो दूसरी ओर संयुक्त अरब अमीरात के न्यूज आउटलेट एरेम न्यूज ने बुधवार को एक अहम रिपोर्ट छापी. व्हाइट हाउस और सीआईए से जुड़े कुछ सूत्रों ने दावा किया कि उत्तर कोरिया के विशेषज्ञ दूर से ही ईरानी तकनीशियनों की मदद कर रहे हैं.

ये विशेषज्ञ मिसाइल बनाने का अपना अनुभव ईरान के साथ शेयर कर रहे हैं. हालांकि, इतनी मदद के बाद भी ईरान अपने सैन्य लक्ष्य को पूरा नहीं कर पा रहा है. अमेरिका और यूरोप के प्रतिबंधों के कारण उसको रक्षा उद्योग के लिए आधुनिक पुर्जे और कच्चा माल नहीं मिल रहा है.

बैलिस्टिक मिसाइल बना रहा तेहरान!

इधर, खुफिया आकलन में बताया गया कि इस साल फरवरी से शुरू हुए युद्ध में आरान के करीब 80 प्रतिशत मिसाइल लॉन्चर तबाह हो गए थे. अब तक वह पुरानी ताकत का करीब 40 फीसदी हिस्सा ही वापस पा सका है. हालांकि, इसके बावजूद भी आईआरजीसी अपनी तैयारी दिखा रहा है.

गौरतलब है कि ईरान की सैन्य वापसी कितनी मजबूत है, इसको लेकर तस्वीर साफ नहीं हो सकी है. अमेरिका स्थित 'इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर' और 'अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट' के क्रिटिकल थ्रेट्स प्रोजेक्ट की ओर से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया कि ईरान नई बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने का काम कर रहा है. हालांकि, अमेरिका और इजरायल की ओर से किए गए हमले के बाद उसके मिसाइल भंडार और निर्माण क्षमता पर संदेह है.

अमेरिका फिर से हमले की तैयारी में

इन सबके बीच अमेरिका ईरान पर एक और बड़े हमले की अटकलें हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (24 नवंबर) को न्यूयॉर्क पोस्ट को एक साक्षात्कार दिया और कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए जनवरी के अंत तक फंड मौजूद है. इसके बाद कांग्रेस में डेमोक्रेट्स नियंत्रण के बाद विकल्प सीमित हो सकते हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More