)
पाकिस्तान ने चीन से एक ऐसी पनडुब्बी खरीदी है, जिसे लेकर उसकी नौसेना काफी उत्साहित है. नाम है PNS हंगोर. पाकिस्तान का दावा है कि ये पनडुब्बी समंदर के अंदर लंबे समय तक छिपकर रह सकती है और दुश्मन को भनक तक नहीं लगेगी, लेकिन सवाल ये है कि क्या हंगोर वाकई इतनी ताकतवर है या फिर इसकी कुछ ऐसी कमजोरियां हैं, जो युद्ध के समय पाकिस्तान के लिए मुसीबत बन सकती हैं? आइए आसान भाषा में समझते हैं.
पाकिस्तान ने साल 2015 में चीन के साथ 8 हंगोर-क्लास पनडुब्बियां खरीदने का समझौता किया था. इनमें से पहली पनडुब्बी PNS हंगोर को 30 अप्रैल 2026 को चीन के सान्या शहर में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल किया गया और 11 जून को यह कराची पहुंची. इस पनडुब्बी की सबसे बड़ी खासियत है इसकी AIP तकनीक. आसान भाषा में समझें, तो यह ऐसी तकनीक है, जिसकी मदद से पनडुब्बी को बार-बार पानी की सतह पर आए बिना लंबे समय तक पानी के अंदर रहने में मदद मिलती है. सामान्य डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों को कुछ दिनों बाद अपनी बैटरी चार्ज करनी पड़ती है, लेकिन AIP तकनीक इस समय को बढ़ाकर करीब 18 से 20 दिन तक कर सकती है. सुनने में यह बहुत बड़ी ताकत लगती है, लेकिन असली कहानी में एक पेंच है.
हंगोर पनडुब्बी पानी के अंदर बैटरी से चलती है. जब बैटरी की बिजली खत्म होने लगती है, तो उसे दोबारा चार्ज करना जरूरी होता है. अब यहां समझने वाली बात यह है कि पनडुब्बी जितनी तेज चलेगी, उतनी ही तेजी से उसकी बैटरी खर्च होगी. यानी अगर हंगोर धीरे-धीरे चलती है, तो वह लंबे समय तक पानी के अंदर रह सकती है, लेकिन अगर उसे तेजी से अपनी जगह बदलनी पड़े या किसी खतरे से बचकर निकलना पड़े, तो बैटरी जल्दी खत्म हो सकती है. ऐसे में उसे चार्जिंग की जरूरत पड़ेगी और यही उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन सकती है.

अब सवाल है कि बैटरी चार्ज कैसे होगी? इसके लिए पनडुब्बी को डीजल इंजन चलाना पड़ता है, लेकिन डीजल इंजन चलाने के लिए हवा चाहिए. इसलिए पनडुब्बी को पानी की सतह के करीब आकर एक खास पाइप बाहर निकालना पड़ता है, जिसे स्नॉर्कल कहते हैं. यहीं से खतरा शुरू होता है. पानी से बाहर निकला यह पाइप रडार की नजर में आ सकता है. भारतीय नौसेना के P-8I निगरानी विमान समुद्र में ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बनाए गए हैं. यानी जिस वक्त हंगोर अपनी बैटरी चार्ज करने के लिए ऊपर आएगी, उसी वक्त उसका पता चलने का खतरा बढ़ सकता है.
हंगोर की मुश्किल सिर्फ बैटरी तक सीमित नहीं है. इसके इंजन को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. बताया जाता है कि जर्मनी ने पाकिस्तान को अपने MTU 396 इंजन देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान को चीनी CHD620 इंजन पर निर्भर रहना पड़ा. इस इंजन की वास्तविक क्षमता और शोर को लेकर कई सवाल हैं. पनडुब्बी के लिए कम आवाज में चलना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि पानी के अंदर होने वाली आवाज से उसकी मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है. ऐसे में इंजन का प्रदर्शन भी हंगोर की असली क्षमता तय करने में अहम भूमिका निभाएगा.
अब हंगोर के कमांडर के सामने सबसे बड़ी चुनौती समझिए. अगर वह पनडुब्बी को धीरे चलाता है, तो उसके पास लंबे समय तक छिपे रहने का मौका होगा, लेकिन अगर तेजी से आगे बढ़ना है, तो बैटरी जल्दी खर्च होगी और जब बैटरी चार्ज करने के लिए उसे पानी की सतह के करीब आना पड़ेगा, तब दुश्मन की नजर में आने का खतरा बढ़ जाएगा. यानी हंगोर के लिए तेज रफ्तार और लंबे समय तक छिपे रहने का फायदा एक साथ उठाना आसान नहीं होगा.

पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी चिंता अरब सागर में भारतीय नौसेना की निगरानी भी है. भारत के पास P-8I निगरानी विमान और MH-60R हेलिकॉप्टर हैं, जो समुद्र में पनडुब्बियों का पता लगाने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करते हैं. ऐसे में अगर हंगोर को बैटरी चार्ज करने के लिए पानी की सतह के करीब आना पड़ता है, तो उसके सामने पकड़े जाने का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि भारतीय नौसेना हर बार उसे आसानी से पकड़ लेगी. समुद्र के अंदर पनडुब्बियों का पता लगाना बेहद मुश्किल काम होता है.
इसका जवाब इतना सीधा नहीं है. हंगोर में AIP जैसी आधुनिक तकनीक है, जो पाकिस्तान की नौसेना की क्षमता बढ़ा सकती है, लेकिन इसकी असली ताकत का पता तभी चलेगा, जब यह वास्तविक समुद्री परिस्थितियों में काम करेगी. क्योंकि, पनडुब्बी खरीदना और उसे युद्ध के हालात में सफलतापूर्वक इस्तेमाल करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं. बैटरी की क्षमता, इंजन का प्रदर्शन, तकनीकी रखरखाव और चालक दल की ट्रेनिंग, सब कुछ मायने रखता है. यानी चीन से मिली हंगोर पाकिस्तान के लिए नई ताकत जरूर बन सकती है, लेकिन इसे अजेय हथियार समझना बड़ी भूल होगी. अरब सागर में इसका असली इम्तिहान अभी बाकी है.