)
हरियाणा में मौसम ठंडा होता जा रहा है. दिन-प्रतिदिन तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. ऐसे में मौसम विभाग ने भी हरियाणा समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कल यानी कि 26 नवंबर के लिए पूरे भारत में मौसम का अनुमान और चेतावनी बुलेटिन जारी किया है, जिसमें केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है.
दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की भी बहुत संभावना है. इस बीच, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
असम और मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा और पंजाब में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है.
हरियाणा में अगले 7 दिन के मौसम का हाल:
26 नवंबर को राज्य में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. वहीं पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है.
27 नवंबर को उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में घना कोहरा रहने की उम्मीद है. सुबह विजिबिलिटी ZERO हो सकती है. दिन में मौसम साफ रहेगा, बारिश की उम्मीद नहीं है.
28 नवंबर की सुबह राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरा देखा जा सकता है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की उम्मीद है. रात के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है और ठंडक और बढ़ने की संभावना है.
29 नवंबर को राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने की उम्मीद है. इस दिन घने कोहरे को लेकर से राहत मिल सकती है. इस बीच सुबह और रात में ठंड बनी रह सकती है.
30 नवंबर को हरियाणा में बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन में धूप निकलने की उम्मीद है, जबकि रात के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ सकती है. मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है.
दिसंबर माह की शुरुआत कोहरे के साथ होने की संभावना है. 1 दिसंबर को मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है और सुबह धुंध या कोहरा छाया रह सकता है. दिन और रात के तापमान में अंतर भी देखने कको मिल सकता है.
फिलहाल 2 दिसंबर को मौसम में किसी बड़े बदलाव के कोई संकेत नहीं हैं. मौसम सामान्य रहने की संभावना है. सुबह और रात में ठंड ज्यादा हो सकती है.