)
पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को वापस भेजा जाएगा. सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को एक-एक बांग्लादेशी घुसपैठिये को खोजकर वापस भेजने के सख्त निर्देश दिए हैं. कूच बिहार में 'रास मेला' में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कूच बिहार जिले में बांग्लादेश से अवैध रूप से आए मुस्लिम प्रवासियों को खोजें और उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई करें. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने एसपी मनीष जोशी से कहा कि बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम प्रवासियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है और उन्हें उसी रास्ते से वापस भेजा जाना चाहिए, जिसका इस्तेमाल करके वे भारत में दाखिल हुए थे.
घुसपैठिये नहीं हैं हिंदू बांग्लादेशी- CM शुभेंदु
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस जिले में बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम घुसपैठियों की पहचान करनी होगी और उन्हें एक-एक करके खोजना होगा. उन्हें उसी रास्ते से वापस भेजा जाना चाहिए, जिससे वे आए थे. उन्हें बाहर निकालना होगा.
इस दौरान सीएम ने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं को घुसपैठिया नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि वे धार्मिक उत्पीड़न से बचने और अपनी जान बचाने के लिए सीमा पार करके आए हैं. उन्होंने कहा कि जो हिंदू सीमा पार से आए हैं, वे घुसपैठिए नहीं हैं. वे शरणार्थी हैं. वे यहां अपने धर्म की रक्षा करने और अपनी जान बचाने आए हैं. उन्हें आश्रय दिया जाना चाहिए.
बार्डर पर बाड़बंदी के काम में तेजी लाने के निर्देश
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस और बीएसएफ को इंटरनेशनल बॉर्डर पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बॉर्डर पर बुनियादी ढांचे के विकास के लिए और बाड़ बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवा दी है. बॉर्डर पर बाड़ लगने के बाद तस्करी पर भी पूरी तरह रोक लगनी चाहिए.
कूच बिहार में एक जिला अस्पताल बनाने की घोषणा
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिले में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश भी दिए. मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर भी जोर दिया. उन्होंने जिले में अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि जिले के लोगों को सभी प्रकार की बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने मंच से ही जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को अस्पताल निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिए.