)
सोशल मीडिया पर स्क्रॉल्स करते समय कुछ तस्वीरें ऐसा मिल जाती हैं, जो मन मोह लेती हैं. हाल ही में एक ऐसी ही वीडियो चर्चा का विषय बनी हुई है. वीडियो में एक महिला संसद के अंदर खड़ी होकर अपनी बात रखती है. इस दौरान महिला की गोद में एक छोटी बच्ची भी है, जिसके मुंह में निप्पल है. वीडियो में दिखाई दे रही महिला ऑस्ट्रेलियाई सीनेट (सांसद) फातिमा पेमैन हैं.
फातिमा पेमैन अपनी नवजात बेटी आलिया को लेकर संसद पहुंचीं. इस दौरान संसद में सरकार के डिजिटल सुरक्षा से जुड़े कानून पर बहस चल रही थी. 30 वर्षीय फातिमा पेमैन पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करती हैं और 'ऑस्ट्रेलियाज वॉयस' की प्रमुख हैं. वह संसद में कामकाजी महिलाओं और मैटरनिटी से जुड़े मुद्दों रप खुलकर अपनी बात रखती हैं.
कई दशकों तक ऑस्ट्रेलिया की संसद में यह परंपरा रही कि छोटे बच्चों की मां सांसदों को वोटिंग के लिए किसी दूसरे सांसद को अपना अधिकार देना पड़ता था. उनसे उम्मीद की जाती थी कि वे अपने बच्चों को संसद से दूर रखें, लेकिन 2016 में इस परंपरा में बदलाव आया. ग्रीन्स पार्टी की सीनेटर लारिसा वाटर्स ने संसद के नियमों में बदलाव कराने के लिए अभियान चलाया. इसके बाद सांसदों को अपने बच्चों को संसद के भीतर लाने, उन्हें दूध पिलाने और उनकी देखभाल करने की अनुमति मिल गई.
देखिए वीडियो:-
Avustralyalı Müslüman Senatör Fatima Payman, parlamento oturumuna bebeğiyle katılarak dikkat çekti. Konuşmasını bebeği kucağındayken yapan Payman’a diğer milletvekilleri de uzaktan oyun oynayarak eşlik etti. https://t.co/5Jb594jQps
— 23 DERECE (@yirmiucderece) November 25, 2026
इस साल की शुरुआत में बेटी को जन्म देने के बाद फातिमा पेमैन ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया. वह पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म देने वाली पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की पहली सीनेटर बनीं. उनका मानना है कि कामकाजी मांओं को अपने बच्चों की देखभाल और सार्वजनिक जिम्मेदारियों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए. सिडनी टाइम्स में बुधवार को प्रकाशित एक लेख में कहा गया कि फातिमा पेमैन संसद में अपने मातृत्व को खुलकर दिखाकर उस सोच को चुनौती दे रही हैं, जिसके मुताबिक सत्ता में रहने वाली महिलाओं को अपनी पारिवारिक जिंदगी को संसद के बाहर छोड़ देना चाहिए.
फातिमा पेमैन का जन्म अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुआ था. जब वह आठ साल की थीं, तब उनका परिवार तालिबान से बचकर अफगानिस्तान छोड़कर पाकिस्तान पहुंचा. कुछ समय वहां रहने के बाद उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में बस गया. 2022 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया. वह हिजाब पहनने वाली पहली महिला बनीं, जो ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद के लिए चुनी गईं. वह देश की सबसे कम उम्र की सीनेटरों में से एक भी हैं.
शुरुआत में वह लेबर पार्टी की सीनेटर थीं. हालांकि, गाजा को लेकर नीतिगत मतभेदों की वजह से जुलाई 2024 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी. इसके बाद अक्टूबर 2024 में उन्होंने अपनी स्वतंत्र पार्टी 'ऑस्ट्रेलियाज वॉयस' शुरू की. संसद में वह सस्ती चाइल्डकेयर सुविधाओं, महंगाई, घरों की समस्या और माता-पिता को बेहतर सुविधाएं देने जैसे मुद्दे उठाती रही हैं.