20 लाख बैरल तेल और एक जोरदार धमाका: ईरान का दावा- होर्मुज में डूबा सुपरटैंकर; समुद्री माइन से टकराए थे दो जहाज
20 लाख बैरल तेल ले जा रहा टैंकर होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइन्स से टकरा गया, जिसके बाद वह डूब गया. इससे पहले इस टैंकर में धमाके के साथ आग लग गई थी. हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि वह टैंकर किस देश से जुड़ा था.
ईरान के आईआरजीसी ने रविवार (15 नवंबर) को एक बड़ा दावा किया. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो टैंकर समुद्री माइन से टकरा गए, जिसके बाद वह डूब गए. ये दोनों टैंकर प्रतिबंधित रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वह समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गए. इस टक्कर के कारण विस्फोट हुआ और वह आग की चपेट में आ गए. जो दो टैंकर डूबे हैं, उनमें 20 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल से लदा एक सुपरटैंकर भी शामिल है.
दरअसल, इस पूरे मामले में ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने बताया कि दोनों टैंकर प्रतिबंधित रास्ते से गुप्त रूप से गुजरने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी लोकेशन बताने वाले सभी सिस्टम को बंद कर लिया था. इसी दौरान वह समुदी माइन से टकरा गए, जिसके बाद एक धमाका हुआ और जहाजों में भीषण आग लग गई. बयान में कहा गया कि इनमें एक जहाज सुपर टैंकर था, जो 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल लेकर जा रहा था. हालांकि, इस घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
इन जहाजों को निशाना बनाता है ईरान
बता दें कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले उन जहाजों को निशाना बनाता है, जो उनकी अनुमति के बिना जाते हैं. ईरान के इस एक्शन के जवाब में अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसेनिक नाकेबंदी कर दी है और टैंकरों को इस होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने में मदद कर रहा है. गौर करने वाली बात है कि दुनिया का लगभग पांचवां हिस्सा तेल इसी रास्ते से होकर गुजरता है.
मछुआरों को चेतावनी
इस घटना के बाद आईआरजीसी नौसेना ने इलाके में काम कर रहे मछुआरों को अलर्ट किया और उन्हें डूबे हुए टैंकर के मलबे के समीप जाने से मना किया है. वहीं, नौसेना ने टैंकर मालिकों, शिपिंग कंपनियों के प्रबंधकों और जहाजों के चालक दल को होर्मुज स्ट्रेट के प्रतिबंधित क्षेत्र के करीब न जाने की सलाह दी है.
अमेरिका का दावा भी जानिए
इससे पहले अमेरिकी सेना ने हाल में ही दावा किया था कि उसने इस समुद्री रास्तों के सभी सुरंगों को हटा दिया है. ईरान ने सरकारी टीवी पर जारी एक बयान में IRGC ने कहा कि पिछले कुछ घंटों में होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से में एक अनधिकृत रास्ते से गुजर रहे दो टैंकर समुद्री सुरंगों से टकरा गए, जिससे जोरदार धमाके हुए और इन टैकरों में आग लग गई.
बयान में कहा गया कि इनमें एक जहाज सुपरटैंकर था, जिसमें 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल लदा था, जो फारस की खाड़ी के दक्षिणी जलक्षेत्र में डूब गया. बता दें कि बयान में टैंकरों का नाम या वे किस देश के हैं, इसका जिक्र नहीं किया गया है. हाल के कुछ दिनों में तेहरान ने कई बार ऐसा कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों में आग लग गई है और अक्सर यही दावा किया जाता रहा है कि ये टैंकर समुद्री सुरंगों से टकराए थे.
अमेरिका पहुंचा रहा अहम मदद
अमेरिकी सेंट्रल कमांड इस रास्ते से गुजर रहे टैंकरों की मदद कर रही है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ही क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियानों की देखरेख करती है. पिछले महीने अमेरिका की ओर से बताया गया था कि गर्मियों के बाद से उन्होंने खाड़ी देशों को होर्मुज के रास्ते 1.5 अरब बैरल तेल निर्यात करने में मदद की है.
गत रविवार को एक ब्रिटिश समुद्री निगरानी संस्था ने दावा किया कि उन्हें भारतीय शिपिंग अधिकारियों की ओर से खाड़ी में एक टैंकर पर हमले की जानकारी मिली है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह वही घटना है, जिसका जिक्र ईरान की ओर से किया गया. ब्रिटेन का कहना है कि नुकसान और पर्यावरण पर पड़े असर के बारे में अभी जानकारी नहीं है, लेकिन जहाज का चालक दल सुरक्षित है.
यह भी पढ़ें: नई रिसर्च और इनोवेशन का दुश्मन बन रहा नोबेल? वैज्ञानिकों को लकीर का फकीर बना रहे बड़े अवॉर्ड, चीन के दावे ने चौंकाया