App

दूसरों के लिए खुद कुर्बान, भारत की परोपकार वाली पहचान: भागवत ने क्यों सुनाई राजकुमार, सांप और गरुड़ की कहानी

आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए बताया कि भारत दुनिया को परोपकार से बांधता है. उन्होंने धर्म को आसान शब्दों में बताते हुए राजकुमार, सांप और गरुड़ की कहानी भी सुनाई.

दूसरों के लिए खुद कुर्बान, भारत की परोपकार वाली पहचान: भागवत ने क्यों सुनाई राजकुमार, सांप और गरुड़ की कहानी
Image Credit: जोधपुर इस कार्यक्रम में 5000 लोगों ने हिस्सा लिया.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को एक कार्यक्रम में कहा कि जो शख्स हर तरह के नशे से दूर रहता है, उसका जीवन सुखी रहता है. संघ ने अपने काम की शुरुआत से कहा है कि संघ क्या करेगा. पहला, पूरे समाज को एक सूत्र में संगठित समाज के नाते खड़ा करेगा. उसके लिए सारे समाज को एक टारगेट होना चाहिए. इसके लिए हमें एक ऐसा जीवन जीना है जिससे दुनिया के सारे देश मनुष्य जीवन कैसा होना चाहिए, इसकी सीख हमें देखकर ले सकें. उसके लिए मनुष्यों का जीवन बिल्कुल निस्वार्थ होना चाहिए.

भागवत ने बताया धर्म का मतलब

जोधपुर के श्री राजाराम आश्रम में मरु निनाद-2026 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि अपने इस प्राचीन राष्ट्र की उत्पत्ति ही दुनिया को परोपकार से बांधने के लिए हुई है. हम धर्मपरायण देश हैं. हम दुनिया को धर्म देते हैं. हमारे यहां धर्म का अर्थ बहुत सरल शब्दों में बताया है, 'परोपकार से दुनिया को जोड़ना.' परोपकार से पूरी दुनिया को जोड़ने का स्वभाव हमारा पहले से ही रहा है. लेकिन ये आक्रामक जो एक के बाद एक नशा हमारे यहां लाए, उस स्थिति में भी हम उसको भूलेंगे नहीं. इस कार्यक्रम में जोधपुर प्रांत से 5,000 से ज्यादा स्वयंसेवकों ने शिविर में हिस्सा लिया, जबकि 500 ​​से ज्यादा स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को देखा.

सुनाई राजकुमार, सांप और गरुड़ की कहानी

इस दौरान भागवत ने सांप और गरुड़ की एक कहानी भी सुनाई. भागवत ने कहा कि पुराने समय में एक जीमूतवाहन राजकुमार थे.सांपों और गरुड़ का बैर था. लड़ते-लड़ते समझौता हो गया कि रोज गरुड़ आएगा और सांप को उसको खाने के लिए छोड़ देना है. जब राजकुमार को पता चला तो वो गया और सांप की जगह खड़ा हो गया. राजकुमार ने गरुड़ से कहा कि मेरा शरीर हृष्टपुष्ट है, इसलिए आप मुझको खा लीजिए और सर्प को छोड़ दीजिए. मतलब, प्राचीन समय से ही हमारे देश में परोपकार चला आ रहा है.

भागवत ने यह भी चेतावनी दी कि छोटी-छोटी पहचानों का फायदा उठाकर भारत को बांटने की कोशिशें की जा रही हैं. उन्होंने इन कोशिशों की तुलना अंग्रेजों के 'फूट डालो और राज करो' की नीति से की और राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया. भागवत ने कहा,'भारत सभी की उम्मीदों का केंद्र है. लेकिन दुनिया के हालात बहुत अजीब हैं. कुछ लोग अपने स्वार्थ के कारण यह नहीं चाहते कि भारत महान बने.'

उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी-छोटी पहचानों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करके और लोगों के बीच टकराव पैदा करके देश को बांटने की कोशिशें हो रही हैं. उन्होंने इन हथकंडों की तुलना ब्रिटिश शासन के दौरान अपनाई गई रणनीतियों से की.आरएसएस प्रमुख ने लोगों से स्वार्थ, छोटी-मोटी आपसी मतभेदों और अहंकार को त्यागने की अपील की. ​​उन्होंने धर्म और राष्ट्र सेवा पर आधारित एक संगठित समाज बनाने की जरूरत पर जोर दिया. महाभारत का उदाहरण देते हुए, भागवत ने समझाया कि किस तरह आपसी कलह एक शक्तिशाली ताकत को भी कमजोर कर सकती है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More