App

एक साल के निचले लेवल पर जाने के बाद फिर टूटा सोना, फेड चेयरमैन के बयान पर टिकी दुनिया की नजर

13 नवंबर को बंद हुए कारोबारी सप्ताह में सोने के दाम गिरकर एक साल के निचले लेवल पर चले गए थे. अब सोमवार को शुरू हुए कारोबारी सत्र के दौरान इसमें और गिरावट देखी जा रही है. निवेशक बुधवार को आने वाले अमेरिकी फेड रिजर्व के चेयरमैन के बयान का इंतजार कर रहे हैं.

एक साल के निचले लेवल पर जाने के बाद फिर टूटा सोना, फेड चेयरमैन के बयान पर टिकी दुनिया की नजर
Image Credit: (File Pic) चांदी में आज सुबह 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही है.

अमेरिका में महंगाई दर के आंकड़े सामने आने के बाद फेड रिजर्व की तरफ से ब्याज दर बढ़ाने की आशंका जताई जा रही है. इसी उम्मीद में पिछले हफ्ते सोने के दाम टूटकर एक साल के निचले लेवल पर पहुंच गए. इंटरनेशनल वायदा बाजार में सोमवार को हल्दी तेजी के साथ खुला गोल्ड अब फिर से लाल निशान के साथ कारोबार कर रहा है. सोने के एक साल से ज्यादा के निचले लेवल पर पहुंचने के बाद निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वार्श के बयान पर टिकी है. महंगाई बढ़ने और मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव के बीच सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है.

फेड रिजर्व के चेयरमैन केविन वार्श की तरफ से दिये जाने वाले बयान के बाद अमेरिका में ब्याज दर को लेकर आगे की दिशा तय होगी. कॉमेक्स पर सोमवार सुबह सोना 9.40 डॉलर प्रति औंस गिरकर 3,876.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया. इससे पहले पिछले हफ्ते सोने के दाम में 4.5 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई थी. इसके अलावा चांदी 1.32 डॉलर टूटकर 47.79 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखी गई. क्रूड ऑयल की कीमत ने महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इससे लंबे समय तक ब्याज दर ऊंची बने रहने की संभावना जताई जा रही है.

दिसंबर में बढ़ सकती है ब्याज दर

अक्टूबर के महीने में अमेरिकी प्रोड्यूसर प्राइस में चार साल की सबसे बड़ी सालाना बढ़ोतरी देखी गई. इससे यह इशारा मिल रहा है कि दिसंबर में होने वाली बढ़ोतरी के बाद फेडरल रिजर्व ब्याज दर को बढ़ाना जारी रख सकता है. कैनसस सिटी फेड के चेयरमैन जेफ श्मिट ने भी कहा कि महंगाई अभी काफी ज्यादा है, इसे कम करने के लिए सेंट्रल बैंक को और काम करने की जरूरत है. फेड वाइस चेयर फिलिप जेफरसन और बोस्टन फेड की अध्यक्ष सुसान कोलिन्स ने भी सख्त मौद्रिक नीति और ब्याज दर में बढ़ोतरी के संकेत दिये हैं.

25 बेसिस प्वाइंट बढ़ोतरी की संभावना

बाजार के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में होने जा रही मीटिंग में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की 94 प्रतिशत संभावना है. आमतौर पर ब्याज दर बढ़ने से सोने की चमक कम होती है क्योंकि सोने पर किसी तरह का ब्याज नहीं मिलता. अब सभी की निगाहें केविन वार्श के बयान और बुधवार को जारी होने वाले FOMC बैठक के मिनट्स पर हैं. दुनियाभर में जियो-पॉलिटिकल टेंशन काफी बढ़ी हुई है. ईरान और उसके सहयोगियों ने अमेरिका और खाड़ी देशों पर दबाव बढ़ा दिया है. यमन में सऊदी समर्थित सेना को पीछे हटना पड़ा, जबकि ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन से हमले किए. इस तनाव का असर भी सोने के दाम पर दिखाई दे रहा है.

भारत में मांग मजबूत, चांदी की डिमांड घटने का अनुमान

घरेलू बाजार की बात करें तो भारत में कम दाम के कारण त्योहारी खरीदारी बढ़ गई है, जिससे पिछले हफ्ते बाजार मजबूत रहा. दूसरी तरफ दुनिया के सबसे बड़े कंज्यूमर चीन में डिमांड सुस्त बनी हुई है. एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार साल 2026 में चांदी की डिमांड 5 प्रतिशत तक गिर सकती है. ऊंचे दाम के कारण ज्वैलरी और सोलर पैनल में इसका यूज कम हो गया है. सोमवार सुबह चांदी 47.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई.

IBJA पर भी दाम में गिरावट की उम्मीद

सोमवार सुबह से ही इंटरनेशनल मार्केट में सोने और चांदी के दाम में गिरावट देखी जा रही है. इसका असर भारतीय बाजार में भी दिखाई देने के आसार है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से दिन में दो बार सोने और चांदी के दाम जारी किये जाते हैं. पिछले कारोबारी सप्ताह में शुक्रवार को जारी कीमत के अनुसार 24 कैरेट वाला सोना गिरकर 135809 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. इसी तरह 22 कैरेट गोल्ड गिरकर 124401 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी गिरकर 1.78 लाख रुपये प्रति किलो पर बंद हुई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More