)
शादियों का सीजन शुरू होने वाला है और सोने-चांदी के दाम में उठा-पटक बनी हुई है. अगर आपने पिछले कुछ दिन से सोने और चांदी के दाम में आई गिरावट को देखकर निवेश करने का मन बना लिया है तो यह खबर आपके लिए ही है. पिछले कारोबारी सत्र में बुरी तरह टूटने के बाद 13 नवंबर को सोने और चांदी के दाम में मामूली रिकवरी देखी गई. हालांकि, मिडिल ईस्ट के हालात और क्रूड ऑयल के बढ़ते दाम को देखकर अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है और अभी भी सतर्कता का माहौल बना हुआ है.
इंटरनेशनल मार्केट से लेकर घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स (MCX) तक सोना और चांदी शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ कारोबार करते देखे गए. इंटरनेशल वायदा बाजार कॉमेक्स पर सोना आधा फीसदी की तेजी के साथ 3,905 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया. दूसरी तरफ चांदी में मामूली गिरावट देखी गई और यह 50 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई. अब बात यदि एमसीएक्स (MCX) की करें तो दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 356 रुपये चढ़कर 136581 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है. चांदी यहां भी 724 रुपये टूटकर 178000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर देखी गई.
केडिया एडवाइजरी के सीनियर रिसर्च हेड अमित गुप्ता के अनुसार सोने में लगातार रिकवरी का माहौल महंगाई की चिंता के बीच देखी गई. क्रूड ऑयल के दाम में तेजी और मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग फिर से बढ़ी है. सऊदी अरब के एनर्जी ठिकानों पर हमलों और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही में रुकावट आने से एनर्जी सप्लाई को लेकर चिंता गहराने लगी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने भी ईरान संघर्ष के जल्द समाधान की उम्मीद को कम कर दिया.
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दिसंबर में होने वाले नीतिगत फैसले को लेकर बाजार असमंजस में है. अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के 103 के लेवल पर मजबूत बने रहने से बुलियन मार्केट दबाव में है. डॉलर इंडेक्स उछलकर 19 महीने के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया है. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी से दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है. फेड अधिकारी की तरफ से भी रेट में बढ़ोतरी के संकेत दिये जा रहे हैं. ट्रंप की तरफ से ईरान को लेकर दिये गए हालिया बयान से भी क्रूड में रिकवरी देखी जा रही है. दरअसल, मजबूत डॉलर से विदेशी खरीदारों के लिए कमोडिटीज महंगी हो जाती हैं.
जानकारों का कहना है कि यदि इंटरनेशनल मार्केट में सोना 3,880 डॉलर के सपोर्ट लेवल को बनाए रखता है तो यह आने वाले दिनों में 3,940 से 3,960 डॉलर के लेवल को छू सकता है. एमसीएक्स पर सोने के लिए 1,36,000 रुपये पर अहम सपोर्ट लेवल है और ऊपर की तरफ 1,41,000 रुपये तक का टारगेट देखा जा रहा है.
गुरुवार रात सोने के दाम में 3700 से ज्यादा की गिरावट देखी गई. भारतीय बाजार में सोना गिरकर 1.35 लाख रुपये के करीब पहुंच गया. दूसरी तरफ COMEX पर भी 125 डॉलर से ज्यादा की गिरावट आई. गुरुवार को अक्टूबर 2025 के बाद सोने का सबसे निचला लेवल देखा गया. MCX पर भी चांदी 6000 रुपये से ज्यादा नीचे आ गई और यह 1,77,570 पर देखी गई. COMEX पर सिल्वर 4% तक गिरकर 49.67 डॉलर प्रति औंस पर गिर गई.
सोना रिकॉर्ड लेवल से करीब 30% नीचे आ गया है. MCX पर सोने का भाव 1.37 लाख रुपये के करीब चल रहा है. रिकॉर्ड हाई से सोने में 55,000 रुपये की गिरावट देखी जा रही है. MCX पर जनवरी के महीने में सोना रिकॉर्ड हाई 1,93,096 रुपये पर पहुंच गया था. दूसरी तरफ ग्लोबल मार्केट में सोना करीब 2000 डॉलर नीचे गिर गया है. COMEX पर जनवरी 2026 के हाई लेवल 5,625 डॉलर के मुकाबले यह गिरकर 3900 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.