App

धौलपुर में पंचायत चुनाव से पहले खूनी खेल! फायरिंग में 34 साल के युवक की मौत, गांव में तनाव

धौलपुर के बरौली गांव में पंचायत चुनाव से एक दिन पहले फायरिंग में 34 वर्षीय पीतम की मौत हो गई. परिजनों ने सरपंच प्रत्याशी समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं.

धौलपुर में पंचायत चुनाव से पहले खूनी खेल! फायरिंग में 34 साल के युवक की मौत, गांव में तनाव
Image Credit: वोटिंग से एक दिन पहले धौलपुर में फायरिंग से सनसनी

धौलपुर जिले की सरमथुरा पंचायत समिति क्षेत्र की बरौली ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव से ठीक एक दिन पहले हिंसा की सनसनीखेज घटना सामने आई है. रविवार को दो पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट के दौरान गोली लगने से 34 वर्षीय युवक पीतम पुत्र कल्याण की मौत हो गई. युवक के चेहरे पर गोली लगी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया.

बाजार जाते समय युवक को घेरा
जानकारी के अनुसार, मृतक पीतम रविवार को बाजार में सामान लेने जा रहा था. इसी दौरान सरपंच पद का चुनाव लड़ रही प्रत्याशी रिंकू और बंटू सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया. परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले पीतम के साथ मारपीट की और इसके बाद उसे गोली मार दी. गोली चेहरे पर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण पीतम को लेकर सरमथुरा अस्पताल पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.

अस्पताल की मोर्चरी के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन
पीतम की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सरमथुरा अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने शव को एंबुलेंस में रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई. वहीं, गांव के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और परिजनों तथा ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया.

ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान ग्रामीणों ने सरमथुरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. मृतक के चचेरे भाई जीतू ने आरोप लगाया कि रिंकू गांव में पुलिस की कथित मिलीभगत से जुए और शराब का अवैध कारोबार करता है. उन्होंने बताया कि पहले भी इस संबंध में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के लिए बाहरी लोगों को गांव में बुलाया गया है.

एसपी बोले- चुनावी रंजिश में हुई वारदात
मामले में एसपी विकास सांगवान ने बताया कि बरौली में सोमवार को पंचायत चुनाव होना है. चुनावी रंजिश के चलते यह घटना हुई है. पीतम की गोली लगने से मौत हुई है और शव को मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया है.

एसपी के अनुसार, नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं. जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी मतदान केंद्रों पर सतर्कता बरत रही है. साथ ही ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhanu Pratap Sharma

Bhanu Pratap Sharma

भानु प्रताप शर्मा, धौलपुर (राजस्थान) निवासी पत्रकार हैं, जो पिछले कई वर्षों से प्रिंट व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में कार्यरत हैं, जहाँ वे पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहतर रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं. पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि शहीद परिवार, राजनीति, स्वास्थ्य-चिकित्सा, सामाजिक सरोकार और समाज की सकारात्मक कहानियों को कवर करने में है। इसके अलावा क्राइम, ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, प्रशासन और आमजन के बीच की कड़ी बनना और सच को बिना डर के सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की है और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ की गई उनकी रिपोर्टिंग ने उन्हें धौलपुर सहित पूरे राजस्थान में एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More