App

पन्नून की हत्या साजिश मामले में US कोर्ट का बड़ा फैसला, भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सुनाई 20 साल जेल की सजा

अमेरिका में छिपे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून की कथित हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 20 साल की कैद की सजा सुनाई है. इस मामले में खुद पुन्नून ने कोर्ट में गवाही दी थी.

पन्नून की हत्या साजिश मामले में US कोर्ट का बड़ा फैसला, भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सुनाई 20 साल जेल की सजा
Image Credit: दाढ़ी में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पुन्नून और हथकड़ी में जकड़े कथित आरोपी निखिल गुप्ता

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश रचने के मामले में अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने यानी लगभग 20 साल की सजा सुनाई है. निखिल गुप्ता (55 वर्ष) के खिलाफ न्यू यॉर्क के दक्षिणी जिले की अदालत में सुनवाई चल रही थी. इसके बाद अब उन्हें यह सजा सुनाई गई है.

खास बात ये है कि इस मामले में खुद आतंकी पन्नून ने कोर्ट ने पेश होकर निखिल के खिलाफ बयान दर्ज करवाए थे, जिसके बाद अब अदालत का यह फैसला आया है. जब अदालत ने यह फैसला सुनाया, तब कोर्ट परिसर के बाहर पन्नून के समर्थक भारी मात्रा में मौजूद थे.

अदालत में कबूला अपराध

अमेरिकी अदालत ने यह फैसला शुक्रवार को सुनाया. करीब डेढ़ घंटे तक चली सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने अपने किए पर पछतावा जाहिर किया. उन पर अमेरिकी जमीन पर भाड़े पर हत्या कराने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश में शामिल होने के आरोप थे. इस साल की शुरुआत में निखिल गुप्ता ने अदालत के सामने अपने सभी आरोप स्वीकार कर लिए थे.

पन्नून ने कोर्ट में दिया बयान

मामले की सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नून ने भी कोर्ट में अपना बयान दर्ज करवाया. वह भारत में प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' का प्रमुख है और उस पर भारत में कई आतंकी हमले करवाने के आरोप हैं. पन्नून ने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद पिछले साढ़े तीन साल से वह अपना वकालत का काम ढंग से नहीं कर पा रहा है. सुनवाई के समय अदालत परिसर के बाहर पन्नून के समर्थकों का जमावड़ा भी देखने को मिला.

क्या था पूरा मामला?

बताते चलें कि भारतीय कानून के तहत पन्नून को आतंकवादी घोषित किया जा चुका है. लेकिन देश से बाहर होने की वजह से उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही है. भारत से भागकर उसने अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता ले रखी है. वहीं से वह पंजाब में मौजूद भाड़े के आतंकियों के जरिए वारदात करवाता रहता है और भारत के खिलाफ आग उगलता है.

अमेरिकी अभियोजकों का आरोप था कि निखिल गुप्ता ने न्यू यॉर्क में पन्नून को निशाना बनाने के लिए भाड़े के शूटर की व्यवस्था करने का प्रयास किया था. इस मामले में गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था, जहां अब उसे लंबी जेल की सजा सुनाई गई है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More