App

भारत को धमकी देने वाला पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली कैसे पहुंचा? मोदी सरकार पर कांग्रेस का हमला, जानिए पूरी कहानी

SCO सिविलाइजेशन डायलॉग में हिस्सा लेने पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक दिल्ली पहुंचे. उनकी भारत यात्रा पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा. जानिए पाकिस्तान को न्योता देने की कूटनीतिक वजह और पूरे विवाद की कहानी.

भारत को धमकी देने वाला पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली कैसे पहुंचा? मोदी सरकार पर कांग्रेस का हमला, जानिए पूरी कहानी
Image Credit: पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक

बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी जंग का मुद्दा आज पाकिस्तान है. एक तरफ सोने और चांदी की कीमत में गिरावट के बाद देश में सुरक्षित निवेश पर चर्चा तेज हो गई है. दूसरी तरफ, देश की राजनीति में इस बात पर बहस हो रही है कि पाकिस्तान का वो मंत्री दिल्ली कैसे आ गया, जो इस्लामाबाद में खड़े होकर भारत को हाथ काटने की धमकी दे रहा था.

भारत में शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO सिविलाइजेशन डायलॉग का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम की शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की. इसी सम्मेलन में भाग लेने के लिए पाकिस्तान ने अपने जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को दिल्ली भेजा है.

आज इस कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान एक तस्वीर दिखाई दी, जिसकी काफी चर्चा हो रही है. कांग्रेस ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और उनसे तीन कुर्सी दूर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक बैठे दिखाई दे रहे हैं.

इस तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री के बीच सिर्फ तीन लोग बैठे हैं. इसमें एक दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं. उनके बगल में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की पत्नी मौजूद हैं. जबकि उनके बगल में पाकिस्तान के मंत्री बैठे हैं. कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में बाकायदा प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री को लाल घेरे में दिखाया है.

इसी पाकिस्तानी मंत्री ने सिंधु जल समझौता रद्द होने पर भारत को लेकर विवादित बयान दिया था. यही वजह है कि पाकिस्तानी मंत्री मसूद मलिक को लेकर भारत में नाराजगी है. मसूद मलिक के भारत पहुंचने के बाद कांग्रेस पार्टी ने पाकिस्तानी मंत्री को भारत बुलाने का विरोध किया है. कांग्रेस पाकिस्तान के मंत्री को भारत में आमंत्रित करने पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है.

भारत के खिलाफ विवादित बयान देकर सुर्खियां बटोरने वाले मसूद मलिक कौन हैं और अपनी मीडिया के सामने बड़ी-बड़ी बातें करने वाले इस नेता से जब पूछा गया कि भारत में जाकर भी क्या ये मुद्दा उठाया जाएगा, तो पाकिस्तानी मंत्री की क्या प्रतिक्रिया रही? सबसे पहले जानते हैं कि पाकिस्तान के मंत्री की भारत में एंट्री के बाद कांग्रेस ने क्या कहा है.

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर एक पोस्ट किया. जिसमें कहा गया कि मोदी सरकार के इनविटेशन पर पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है. मुसादिक लगातार भारत को धमकाता रहा है. कभी हाथ काटने की धमकी देता है, कभी खून बहाने की.

एक तरफ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, भारतीयों की हत्या करवा रहा है. दूसरी तरफ मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की आवभगत में लगी है. उसे बिरयानी और कबाब खिलाने की तैयारी है. ये देश और देशवासियों के साथ गद्दारी है. मोदी सरकार को ये नहीं करना चाहिए था. जब तक पाकिस्तान आतंक पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लगाता, उससे कोई बात नहीं होनी चाहिए.

ये बात सिर्फ कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से नहीं कही गई. कांग्रेस के नेताओं ने भी SCO सिविलाइजेशन डायलॉग के लिए मुसादिक मलिक के भारत आने पर नाराजगी जाहिर की है. कांग्रेस नेताओं ने पाकिस्तानी मंत्री के भारत आने और उनके पुराने बयानों को लेकर सवाल उठाए हैं.

कौन हैं मुसादिक मसूद मलिक और क्यों दिया था भारत को धमकी वाला बयान?

मसूद मलिक ने पाकिस्तानी मीडिया के सामने जोश में आकर सिंधु जल समझौते पर भारत के खिलाफ बयान दिया था. भारत को जो धमकी दी, वो पाकिस्तान की हैसियत से बढ़कर की गई बात थी. ये बात पाकिस्तान की मीडिया और लोग भी जानते हैं. फिर भी ये बयान भारत के खिलाफ दिया गया था.

और ये बयान देने वाला पाकिस्तानी नेता भारत में मौजूद है. इसीलिए कांग्रेस के नेता नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. अब सवाल है कि आखिरकार एक पाकिस्तानी मंत्री भारत कैसे आया?

SCO के नियमों के तहत पाकिस्तान को भेजा गया था न्योता

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SCO से जुड़े जिस कार्यक्रम का उद्घाटन किया, उसके 10 सदस्य देश हैं. शंघाई सहयोग संगठन के सभी सदस्य देशों के संस्कृति मंत्रियों को प्रोटोकॉल के तहत इसमें शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था. इन 10 सदस्य देशों में एक पाकिस्तान भी है.

अंतरराष्ट्रीय और कई देशों के संगठनों जैसे SCO या G20 के कुछ तय नियम होते हैं. जब कोई देश किसी अंतरराष्ट्रीय मंच की मेजबानी करता है तो वह संगठन के सभी पूर्णकालिक सदस्य देशों को आमंत्रित करने के लिए बाध्य होता है.

मेजबान देश की यह कानूनी मजबूरी है कि वह संगठन के हर सदस्य देश के प्रतिनिधियों को वीजा दे, उनकी पूरी सुरक्षा करे और उन्हें राजनयिक छूट दे. इन संगठनों में कोई भी फैसला तभी मान्य होता है जब सभी सदस्य देश उस पर सहमत हों.

साथ ही, बैठक को कानूनी रूप से सही मानने के लिए एक तय संख्या में सदस्यों की मौजूदगी यानी कोरम का पूरा होना जरूरी होता है. अगर मेजबान देश जानबूझकर किसी सदस्य देश जैसे पाकिस्तान को बैठक में आने से रोकता है, तो वह बैठक ही अवैध मानी जाएगी और उसका कोई नतीजा नहीं निकल पाएगा.

ये प्रोटोकॉल उस वक्त भी लागू होता है जब दोनों देशों के बीच भारत और पाकिस्तान की तरह द्विपक्षीय संबंध तनावपूर्ण ही क्यों न चल रहे हों.

भारत के अलावा चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान SCO के सदस्य हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय रिश्ते लंबे समय से ठंडे बस्ते में हैं, लेकिन SCO प्रोटोकॉल का पालन करते हुए भारत ने पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री को भी आधिकारिक न्योता भेजा.

हालांकि, भारत ने आधिकारिक निमंत्रण पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भेजा था, लेकिन पाकिस्तान ने संस्कृति मंत्री के स्थान पर जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक को दिल्ली भेजने का फैसला लिया. इसी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में हिस्सा लेने के लिए मुसादिक मलिक की दिल्ली में एंट्री हुई.

तीन साल बाद भारत आया पाकिस्तान का कोई केंद्रीय मंत्री

पाकिस्तान का कोई मंत्री तीन साल बाद भारत आया है. लेकिन भारत के विदेश मंत्रालय और पाकिस्तान के विदेश कार्यालय दोनों ने स्पष्ट किया है कि मुसादिक मलिक की दिल्ली यात्रा के दौरान कोई भी द्विपक्षीय बैठक नहीं होगी. यानी भारत और पाकिस्तान आपसी मुद्दों पर कोई बात नहीं करेंगे.

विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान को आमंत्रित किए जाने पर बयान देते हुए कहा, “भारत 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में पहले SCO सिविलाइजेशन डायलॉग की मेजबानी कर रहा है. यह SCO के तहत आयोजित एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है. इसके लिए पाकिस्तान सहित SCO के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा, SCO के पर्यवेक्षक देशों और डायलॉग पार्टनर को भी संवाद में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है.”

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच क्या बदला?

पहलगाम टेररिस्ट अटैक और उसके जवाब में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच डेढ़ साल से आधिकारिक दौरे और द्विपक्षीय बातचीत पूरी तरह बंद हैं. ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत का कोई मंत्री पाकिस्तान नहीं गया, लेकिन इसी साल सितंबर में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी SCO की एक बैठक में हिस्सा लेने इस्लामाबाद गए. इसके बाद पाकिस्तान ने अपने केंद्रीय मंत्री मुसादिक मलिक को भारत भेजा है.

तीन साल पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो भारत आए थे. तब गोवा में SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी. इसके बाद अक्टूबर 2024 में SCO के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद में हिस्सा लेने विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस्लामाबाद गए थे. विदेश मंत्री ने ये यात्रा प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर की थी. इस यात्रा का उद्देश्य भी पूरी तरह से SCO की जिम्मेदारियों को निभाना था.

भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान का बहिष्कार क्यों नहीं कर सकता?

भारत पाकिस्तान के साथ ना तो द्विपक्षीय वार्ता करता है और ना ही द्विपक्षीय सीरीज खेलता है. लेकिन इसके बावजूद भारत अगर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान का बहिष्कार करता तो इसका असर क्या होता, ये भी समझना जरूरी है.

भारत किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कुर्सी खाली रखने का जोखिम इसलिए भी नहीं उठा सकता क्योंकि भारत बैठक छोड़ेगा तो चीन-पाकिस्तान मिलकर भारत-विरोधी प्रस्ताव पास कर सकते हैं. SCO के सभी 10 सदस्य देशों के बीच किसी भी साझा घोषणापत्र को रोकने के लिए भारत की मौजूदगी और उसका वीटो अधिकार बेहद जरूरी है.

भारत इस मंच का इस्तेमाल रूस, ईरान और मध्य एशिया के साथ व्यापार व ऊर्जा बढ़ाने के लिए करता है. SCO दुनिया की लगभग 40% आबादी और 30% वैश्विक GDP का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए किसी एक देश के विरोध में इतना बड़ा बाजार और ऊर्जा स्रोत कोई नहीं छोड़ सकता.

भारत ग्लोबल साउथ के एक जिम्मेदार नेता के तौर पर अपनी छवि और मजबूत करना चाहता है. यही वजह है कि सैन्य तनाव के बावजूद भारत ने पाकिस्तान को न्योता दिया, क्योंकि 2026-27 की SCO अध्यक्षता पाकिस्तान के पास है और दोनों को नियमों के तहत सहयोग दिखाना है.

पाकिस्तान ने मंत्री को ही भारत क्यों भेजा?

पाकिस्तान चाहता तो इस मंच पर अपने मंत्री के बजाय किसी अधिकारी को भी भेज सकता था. लेकिन पाकिस्तान ने अपने बड़े मंत्री को इस उम्मीद के साथ भेजा है, क्योंकि उसे 2027 में इस्लामाबाद में SCO नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करनी है.

अगर भारत से अभी पूरी तरह दूरी बनी रहेगी, तो आगे की बैठकों और मुख्य शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी को लेकर अनिश्चितता और अड़चनें पैदा हो सकती हैं.

और रही बात सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तानी मंत्री की बयानबाजी की, तो पाकिस्तानी मंत्री को भारत आने से पहले भी पता था कि उनको यहां पर क्या बात करनी है. भारत आने के बाद भी उनको सिंधु जल समझौता याद नहीं आया, जबकि भारत ने सिंधु जल समझौते पर अपना रुख फिर से साफ किया है.

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री ने अपने देश में सिंधु जल समझौते को लेकर जो बयान दिए थे और भारत में आने के बाद उनका जो रुख रहा, उसमें अंतर देखने को मिला. वहीं, सिंधु नदी समझौते पर भारत ने भी अपनी प्रतिक्रिया स्पष्ट कर दी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More