)
मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में बादशाहत कायम रखी है. करीब 10 साल बाद मध्य प्रदेश ने एक बार फिर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है. गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने कुल 122 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली. इनमें 61 स्वर्ण, 27 रजत और 34 कांस्य पदक शामिल हैं. इससे पहले मध्य प्रदेश ने साल 2016 में यह खिताब जीता था.
राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में इस बार मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और दमदार खेल के जरिए प्रदेश को पदक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंचाया. प्रतियोगिता के समापन पर कूडो के संस्थापक और इंडिया के हेड कोच मेहुल वोरा सहित कूडो इंडिया के पदाधिकारियों ने मध्य प्रदेश को विजेता ट्रॉफी सौंपी. इस दौरान मेहुल वोरा ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार आगे बढ़ रहा है.
मध्य प्रदेश को चैंपियन बनाने में सागर जिले के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा. सागर के खिलाड़ियों ने अकेले 35 पदक अपने नाम किए. इनमें 17 गोल्ड, 8 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. प्रदेश में कूडो के संस्थापक और हेड कोच डॉ. मोहम्मद एजाज खान के मार्गदर्शन में तैयार हुए इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई. रिंग में खिलाड़ियों ने सटीक पंच, दमदार किक और बेहतर तकनीक से विरोधियों को चुनौती दी. अलग-अलग वर्गों में सागर के खिलाड़ियों ने लगातार पदक जीतकर मध्य प्रदेश को ओवरऑल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
इस प्रतियोगिता में सागर के दो नन्हे खिलाड़ियों ने भी सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. महज 4 साल की अनवी कौरव ने अंडर-5 बालिका वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की. वहीं, 5 साल के दैविक तिवारी ने अंडर-6 बालक वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इतनी छोटी उम्र में दोनों बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इन दोनों बच्चों की सफलता सागर में कूडो के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रशिक्षण की तस्वीर भी पेश करती है. वहीं, मध्य प्रदेश के लिए 10 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतना एक बड़ी उपलब्धि बन गई है.