App

शौक में शुरू हुआ नशा निगल गया सिविल इंजीनियर का करियर, अब दूसरे को जागरूक कर रहा युवक, पढ़ें 2 खौफनाक कहानियां

नशे के खिलाफ जी मीडिया का राष्ट्रीय अभियान 'नशा मुक्त भारत' धीरे-धीरे जोर पकड़ रहा है. आज नशा मुक्त भारत में हमारे पास जम्मू-कश्मीर से हैरान करने वाली 2 कहानियां आई हैं.

शौक में शुरू हुआ नशा निगल गया सिविल इंजीनियर का करियर, अब दूसरे को जागरूक कर रहा युवक, पढ़ें 2 खौफनाक कहानियां

नशा किसी एक व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार और समाज को तोड़ता है. शौक-शौक में शुरू होने वाली यह लत पढ़ाई, करियर और रिश्तों को निगल जाती है. जम्मू के रिहैब सेंटर से आई ये दो कहानियां बताती हैं कि नशे का जाल कैसे फैलता है और इलाज से उम्मीद कैसे लौटती है.

 

जम्मू के रिहैब सेंटर में कई युवा नई जिंदगी की कोशिश कर रहे हैं. किसी की पढ़ाई छूटी, किसी के रिश्ते टूटे. लेकिन सही मदद और हिम्मत से वापसी भी मुमकिन है. साल 2014-15 में हॉस्टल में दोस्तों के साथ शौक-शौक में नशा शुरू हुआ. कब लत लग गई, पता ही नहीं चला.

नशे की वजह से छूट गई सिविल इंजीनियर की पढ़ाई

एक सिविल इंजीनियर की पढ़ाई और करियर पर बुरा असर पड़ा. उसकी डिग्री भी एक साल देरी से पूरी हुई. अब वह अपनी आपबीती से दूसरे युवाओं को जागरूक करना चाहता है.

रिहैब सेंटर में इलाज करा रहे एक युवक की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. नशे की लत ने अपनों की खुशियां छीनीं. रिश्ते भी टूटे. इससे सेहत, मानसिक स्थिति और आर्थिक हालत बिगड़ी. जब नशे के कब्जे का एहसास हुआ, तो इसे छोड़ने का फैसला किया. रिहैब सेंटर में इलाज से सेहत सुधर रही है. परिवार भी उसे खुश देखकर राहत महसूस कर रहा है.

नशे से मुक्ति आसान नहीं होती- मनोचिकित्सक

मनोचिकित्सक डॉ. विकास शर्मा का कहना है कि नशे से मुक्ति आसान नहीं होती. इलाज के बाद रिलैप्स यानी दोबारा नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना बड़ी चुनौती है. नशे से जुड़ाव इतना गहरा होता है कि जरा-सी लापरवाही फिर उसी दलदल में धकेल सकती है.

साल 2014 में ही जम्मू में नशे के खतरे के संकेत मिलने लगे थे. टीम जम्मू की एक रिसर्च में 18 से 35 साल के युवाओं में हेरोइन यानी चिट्टे के इस्तेमाल के मामले सामने आए. खतरे को देखते हुए पूरे जम्मू प्रांत में जागरूकता अभियान चलाया गया. आशंका है कि पाकिस्तान से नार्को-टेररिज्म के जरिए नशे को हथियार बनाकर जम्मू-कश्मीर के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है.

सपोर्ट और इलाज मिले तो बदल सकती है तस्वीर

नशे से बाहर निकलना आसान नहीं है. लेकिन सही इलाज और सपोर्ट मिले तो लोग मुख्यधारा में लौट सकते हैं. इस अथक प्रयास से उम्मीद की तस्वीर भी उभरी है. कोई नौकरी कर रहा है, तो किसी ने कारोबार शुरू किया है. कई लोग परिवार के साथ नई जिंदगी जी रहे हैं.

नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है. यह परिवार के रिश्तों, समाज की सेहत और क्षेत्र की सुरक्षा को प्रभावित करता है. जम्मू की ये घटनाएं बताती हैं कि समय रहते जागरूकता और इलाज कितना जरूरी है.

जम्मू-कश्मीर के इन जिलों में बढ़ रहा नशे का दुष्चक्र

जम्मू-कश्मीर में नशे के आदी लोगों में लगभग 90 प्रतिशत लोग 17 से 33 वर्ष की आयु के बीच हैं. साल 2025-26 के सरकारी आंकड़ों में जम्मू, श्रीनगर, अनंतनाग, कुलगाम और बारामूला जैसे जिलों में नशे के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं.

पिछले 12 वर्षों में जम्मू के रिहैब सेंटर से जुड़े 360 लोग नशे की लत से उबरकर समाज की मुख्यधारा में लौटे हैं.
वर्तमान में जम्मू कश्मीर में नशे से लड़ने के लिए 21 केंद्र, नशा उपचार सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं. प्रेस सूचना ब्यूरो के अनुसार 2021 से 2026 के बीच 1 लाख 56 हजार से अधिक लोगों का उपचार किया जा चुका है.

सोचिए, शौक में शुरू हुआ नशा करियर और परिवार दोनों को पीछे धकेल सकता है. नशा पीड़ित को तिरस्कार नहीं, इलाज और सहयोग की जरूरत है. समाज और परिवार का साथ मिलने पर वापसी आसान होती है.

नशे के खिलाफ आप भी जी न्यूज के अभियान से जुड़िए

नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों को नजदीकी सरकारी अस्पताल या पंजीकृत नशा मुक्ति और रिहैब सेंटर ले जाना चाहिए, जहां डॉक्टर और काउंसलर मदद करते हैं. इलाज और परामर्श के लिए मुख्य राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14446 है. यह सेवा 24x7 उपलब्ध है और इस पर कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है.

इलाज के दौरान परिवार और दोस्तों का भावनात्मक सहयोग मरीज को नशामुक्त बनाने में बड़ी भूमिका निभाता है.
युवाओं में नशे के शुरुआती संकेतों पर माता-पिता और शिक्षकों को समय रहते बात करनी चाहिए और काउंसलिंग करानी चाहिए.

आप ज़ी न्यूज़ के नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ सकते हैं. आसपास कोई नशा पीड़ित दिखे या कोई नशा बेचता दिखे, तो स्क्रीन पर दिए नंबर पर वीडियो भेजें. हैशटैग नशा मुक्त भारत के साथ सोशल मीडिया पर टैग भी करें. आपमें से बहुत से लोग..इस अभियान से जुड़ रहे हैं. अगर आप अब तक इस अभियान से ना जुड़े हों तो जुड़िए. उम्मीद है आप इस अभियान से जुड़ेंगे और भारत को नशा मुक्त करने के सफर में साथ चलेंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More