)
सोनभद्र पुलिस ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा अब प्रदेश स्तर पर हो रही है. जिस महिला की तलाश पिछले करीब पांच वर्षों से की जा रही थी, उसकी बचपन की एक तस्वीर के सहारे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक ने पहचान कर पहुंचने तक का रास्ता आसान कर दिया. बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पांडेय ने ChatGPT और Google Gemini की मदद से महिला की वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की और इसी तस्वीर के आधार पर राजस्थान के चूरू से महिला को सकुशल बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस अभिनव प्रयास के लिए पुलिस महानिदेशक लखनऊ ने आरक्षी को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है, जबकि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया है.
दरअसल, बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव की रहने वाली किस्मत देवी ने 14 जुलाई 2026 को अपनी करीब 30 वर्षीय बेटी मंजू देवी खरवार के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी कराने की बात कहकर मंजू को वाराणसी ले जाया गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला की पहचान करना था, क्योंकि परिजनों और ससुराल पक्ष के पास उसकी कोई वर्तमान तस्वीर उपलब्ध नहीं थी.
विवेचना के दौरान पुलिस को संबंधित विद्यालय के छात्रवृत्ति फॉर्म से वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के दौरान की मंजू की बचपन की तस्वीर मिली. करीब 30 वर्ष की उम्र में उसकी पहचान करना आसान नहीं था. ऐसे में बभनी थाने के आरक्षी विजय पांडेय ने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए ChatGPT और Google Gemini AI की मदद से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की. तस्वीर परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने अपनी बेटी मंजू के रूप में उसकी पहचान की पुष्टि की.
इसके बाद AI से तैयार तस्वीर और विवेचना में जुटाई गई अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पांडेय राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र स्थित गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचे और 16 अक्टूबर 2026 को मंजू को सकुशल बरामद कर लिया. जानकारी में सामने आया कि महिला वहां अपने पति उमेन्द्र और दो बच्चों के साथ रह रही थी. इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक लखनऊ ने आरक्षी विजय पांडेय को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है. वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया.
खास बात यह है कि सोनभद्र पुलिस अब पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है. एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन और एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में जिले के पुलिसकर्मियों को ChatGPT और Google Gemini समेत आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग के लिए कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण भी दिया गया है. हालांकि AI से मिली जानकारी का उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन करने पर भी जोर दिया गया है. कुल मिलाकर, बभनी के आरक्षी विजय पांडेय की यह पहल बताती है कि तकनीक का सही और जिम्मेदारी से इस्तेमाल पुलिस की जांच में किस तरह मददगार साबित हो सकता है.
(सोनभद्र से अरविंद दुबे की रिपोर्ट)