App

गोरखपुर में किशोर की मौत पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन: JCB चालक समेत पांच गिरफ्तार, सपा नेता साधु यादव की मुश्किलें बढ़ीं

18 नवंबर को गोरखपुर के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में अखिलेश यादव की पीडीए रैली के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई थी. सीएम योगी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे.

गोरखपुर में किशोर की मौत पर सीएम योगी का बड़ा एक्शन: JCB चालक समेत पांच गिरफ्तार, सपा नेता साधु यादव की मुश्किलें बढ़ीं
Image Credit: जी संवाददाता

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए रोड शो के दौरान बुलडोजर की चपेट में आकर 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त रुख के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. मामले में जेसीबी चालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूछताछ के लिए 20 से 25 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं, सपा नेता साधु यादव को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है.

किशोर की मौत के लिए जिम्मेदार कौन?

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर रोड शो के दौरान बुलडोजर किसके निर्देश पर लाया गया था? उसे चलाने की अनुमति किसने दी थी? और किशोर की मौत के लिए जिम्मेदार कौन-कौन लोग हैं? दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया था. इस दौरान मुख्यमंत्री ने घटना को महज हादसा मानने के बजाय हत्या करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी.

18 नवंबर को गोरखपुर पहुंचे थे अखिलेश

हालांकि, इस पूरे मामले पर सियासत भी तेज है. मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला, तो वहीं अखिलेश यादव ने भी घटना पर दुख जताते हुए भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया था. पूरा मामला 18 नवंबर का है, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गोरखपुर के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक कार्यक्रम और रोड शो के लिए पहुंचे थे.

बीजेपी नेता के बेटे की हो गई थी मौत

अखिलेश यादव के स्वागत में जगह-जगह कार्यकर्ता जुटे थे. इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल बुलडोजर की चपेट में आकर भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. मृतक किशोर परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

एम्स थाने में पीड़ित परिवार ने दर्ज कराई थी शिकायत

मृतक के पिता ने एम्स थाना पहुंचकर जेसीबी चालक समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई.

जेसीबी चालक समेत पांच गिरफ्तार

अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. एसपी सिटी निमिष पाटील के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झंगहा निवासी विनोद शाही, राघोपट्टी टोला फैलाहा निवासी शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, बौलिया कॉलोनी निवासी राहुल यादव, जो वर्तमान में पादरी बाजार शाहपुर में रह रहा है, और गुलरिहा के रामपुर गोपालपुर टोला गोनरपूरा निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है. पुलिस इन सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.

साधु यादव से हो रही पूछताछ

वहीं, सपा नेता साधु यादव से भी पुलिस पूछताछ कर रही है. उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. इसके अलावा 20 से 25 अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सीएम योगी का सख्त रुख, परिवार को न्याय का भरोसा

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी. मुख्यमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. इस दौरान उन्होंने घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए समाजवादी पार्टी पर गंभीर सवाल खड़े किए. सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया और भाजपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया.

अखिलेश यादव ने वीडियो जारी कर दी सफाई

उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी किशोर की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिया. हालांकि, उन्होंने भाजपा पर इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया. अखिलेश यादव ने घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए दावा किया कि वीडियो में घटनास्थल पर न तो रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही कोई रैली. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बिना पर्याप्त सबूत के समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराए जाने को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More