App

नी-कैप में छिपा था 'सोने का खेल', जेद्दा से 70 लाख का सोना लेकर आए तस्कर, कस्टम से तो बच निकले, पर पुलिस की घेराबंदी में फंसे!

जेद्दा से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे दो तस्करों को पुलिस ने 70 लाख रुपये की कीमत के सोने के साथ पकड़ा है. एक तीसरा तस्कर मौके से भागने में कामयाब रहा. बता दें कि गुप्त सूचना मिलने पर, पुलिस ने पहले ही घेराबंदी कर ली थी ताकि तस्करों को पकड़ा जा सके.

नी-कैप में छिपा था 'सोने का खेल', जेद्दा से 70 लाख का सोना लेकर आए तस्कर, कस्टम से तो बच निकले, पर पुलिस की घेराबंदी में फंसे!
Image Credit: जेद्दा से 70 लाख का सोना लेकर आए तस्कर, पुलिस ने दबोचा (AI IMAGE)

लखनऊ एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका कर रख दिया है. जेद्दा से सोने का पेस्ट लेकर लखनऊ पहुंचे तीन तस्करों ने कस्टम की नजर से बचकर एयरपोर्ट से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन एयरपोर्ट के बाहर पुलिस की घेराबंदी में उनका खेल बिगड़ गया.
तस्करों ने सोने को किसी बैग या सामान में नहीं, बल्कि नी-कैप के अंदर छिपा रखा था. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा. बरामद सोने की कीमत करीब 70 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है.

डिटेल में जानें पूरी खबर-

सऊदी अरब के जेद्दा से लखनऊ पहुंचे तीन यात्रियों की नजर एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर थी, लेकिन पहले से पुलिस की नजर उन पर थी. मुखबिर की सूचना के बाद सरोजनीनगर पुलिस ने एयरपोर्ट के बाहर घेराबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की. पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे. मौके पर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. वहीं, पूछताछ और तलाशी में जो सामने आया, उसने पुलिस को भी चौंका कर रख दिया है.

नी-कैप के अंदर सोने का पेस्ट

आरोपियों के पास से करीब 1023 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है. सबसे खास बात यह कि सोने को छिपाने के लिए तस्करों ने दो नी-कैप का इस्तेमाल किया था. यानी शरीर पर पहनी जाने वाली नी-कैप के अंदर सोने का पेस्ट छिपाकर उसे सामान्य तरीके से एयरपोर्ट से बाहर निकालने की कोशिश की गई. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरनगर के बागोवाली निवासी मो. अब्दुल्ला और खुड़ू गांव निवासी मो. सम्मून शामिल हैं. जांच में अब्दुल्ला के पास से 505.85 ग्राम और सम्मून के पास से 504.82 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ. पुलिस ने सुनार की मदद से सोने के पेस्ट को अलग कराकर उसके नमूने भी तैयार कराए हैं.

एयरपोर्ट के बाहर पुलिस का पहरा

अब सवाल सिर्फ 70 लाख के सोने की बरामदगी का नहीं है, सवाल यह है कि आखिर नी-कैप में सोना छिपाकर तस्करी का यह तरीका कितना नया है? जेद्दा से आने वाली फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे आरोपियों पर एयरपोर्ट के बाहर पुलिस पहले से नजर रख रही थी. यानी एयरपोर्ट के अंदर कस्टम की जांच से निकलने के बाद भी तस्करों के लिए बाहर निकलना आसान नहीं था. पुलिस के मुताबिक, बुधवार (18 अक्तूबर, 2026) की रात करीब पौने 12 बजे एयरपोर्ट के बाहर शहीद पथ की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान मुखबिर ने जेद्दा से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-605 से तस्करों के पहुंचने की सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों को पकड़ लिया.

रिपोर्ट: कृष्णदेव कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More