App

'SCO सभ्यता संवाद मंच' का PM मोदी करेंगे उद्घाटन, पाकिस्तानी मंत्री भी होंगे शामिल, जानें इस मीटिंग का एजेंडा

नई दिल्ली में आयोजित होने वाले SCO के पहले 'सभ्यतागत संवाद मंच' का आज पीएम मोदी उद्घाटन करने वाले हैं. इस शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी इस बैठक में शामिल होंगे.

'SCO सभ्यता संवाद मंच' का PM मोदी करेंगे उद्घाटन, पाकिस्तानी मंत्री भी होंगे शामिल, जानें इस मीटिंग का एजेंडा
Image Credit: 'SCO सभ्यता संवाद मंच' का PM मोदी करेंगे उद्घाटन (File Photo- ANI)

नई दिल्ली में आज (शुक्रवार, 20 नवंबर) से शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले 'सभ्यतागत संवाद मंच' (Civilisational Dialogue Forum) का आयोजन होने वाला है. पुराने किले में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय बैठक का पीएम मोदी आज उद्घाटन करने वाले हैं. सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना किला में भव्य तरीके से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा. 

पाकिस्तानी मंत्री भी होंगे शामिल

इस समिट में SCO देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी इस बैठक में शामिल होंगे. ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका होगा, जब कोई पाकिस्तानी नेता भारत दौरे पर आएगा. लिहाजा, मुसादिक मलिक पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. बता दें कि SCO का मेंबर होने के कारण भारत की ओर से पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया गया था. पाकिस्तान के अलावा चीन, ईरान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत करीब 15 देशों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.

इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य

इस शिखर सम्मेलन का असली उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, आपसी जनसंपर्क मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है. जानकारी के मुताबिक, उद्घाटन समारोह में 'सभ्यताओं का संवाद- सांस्कृतिक प्रस्तुति' शीर्षक से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें संगीत, नृत्य और अन्य माध्यमों से SCO देशों की संस्कृति को दिखाया जाएगा. 

इसके अलावा 'अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार' शीर्षक से प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी. इसके जरिए भारत के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को पूरी दुनिया के सामने पेश किया जाएगा. वहीं, 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्वानजन, शिक्षाविद्, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे.

एससीओ क्या है और इसका काम क्या?

SCO का पूरा नाम शंघाई सहयोग संगठन है. यह अंतरराष्ट्रीय संगठन यूरेशिया और एशिया के देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देता है. रूस और चीन ने मिलकर इस संगठन की स्थापना की थी और उस वक्त इसमें कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान को मिलाकर कुल 6 देश थे. साल 2017 में भारत और पाकिस्तान भी संगठन का हिस्सा बना. वहीं, साल 2023 में ईरान और 2024 में बेलारूस को इसमें शामिल किया गया. इस तरह से वर्तमान में इस संगठन में कुल 10 सदस्य देश शामिल हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More