)
Anthropic share: दुनियाभर के बाजार में आज हाहाकार मचा. एआई को लेकर नई चिंताओं का दबाब बाजार पर दिखा. निवेशक एआई पर बढ़ते खर्च और मिलने वाले रिटर्न को लेकर आशंका में है, जिसकी वजह से वो एआई स्टॉक्स के मुनाफा निकाल रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि AI का बुलबुला फूट गया है, लेकिन इन सबके बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अमेरिकी शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग ने सबको हैरान कर दिया.
दुनिया का सबसे बड़ा IPO
34% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ एंथ्रोपिक दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा IPO बन गया है. कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की ऐतिहासिक लिस्टिंग के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है. 83 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर जारी एंथ्रोपिक का आईपीओ 111.50 डॉलर पर लिस्ट हुआ. शुरुआती तेजी के बाद शेयर में मुनाफावसूली देखी गई और स्टॉक गिरकर 97.17 डॉलर पर बंद हुआ. इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया.
मालिक से कर्मचारी तक बने करोड़पति
कंपनी के शेयर की शानदार लिस्टिंग की बदौलत एंथ्रोपिक के औसत कर्मचारी की संपत्ति 4 करोड़ डॉलर से अधिक हो सकती है. कंपनी के 400 से अधिक कर्मचारियों की दौलत 10 करोड़ डॉलर से अधिक पर पहुंच सकती है. बता दें कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए 1.77 अरब स्टॉक ऑप्शन जारी किए थे. इसके साथ ही एंथ्रोपिक के फाउंडर की संपत्ति में बड़ा उछाल आया है. कंपनी के सात को-फाउंडर के पास 230 से 240 मिलियन शेयरों के बीच हिस्सेदारी है.
दुनियाभर के बाजार की हालात खराब
ग्लोबल मार्केट में एआई कंपनियों के वैल्यूएशन को लेकर चिंता साफ देखी गई. IT शेयरों में भारी बिकवाली हावी रही. अमेरिकी बाजार का हाल बेहाल दिखा. डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1100 अंक से अधिक गिर गया, एसएंडपी 500 और नैस्डैक कंपोजिट में भी 2 फीसदी से अधित की गिरावट आई है. नैस्डैक 100 2.2 फीसदी गिरकर बंद हुआ. जापान के निक्केई इंडेक्स 4.5 फीसदी फिसला, निक्केई सात महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया. दुनियाभर के बाजार पर AI का डर हावी दिखा है.