App

आज से भीष्म पंचक शुरू: पितामह के 5 उपदेशों में छिपा जीवन का सार, दूर होंगे संतान के कष्ट

भीष्‍म पंचक आज 20 नवंबर 2026, शुक्रवार से शुरू हो गए हैं. क्‍या आप जानते हैं कि भीष्‍म पंचक क्‍या होते हैं, इनका महाभारत काल से क्‍या संबंध है, संतान से जुड़ा क्‍या महत्‍व है? जानिए सारी हिटेल्‍स.

आज से भीष्म पंचक शुरू: पितामह के 5 उपदेशों में छिपा जीवन का सार, दूर होंगे संतान के कष्ट
Image Credit: कार्तिक शुक्‍ल एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक भीष्‍म पंचक रहते हैं. (Photo:AI)

पंचक के नाम से आमतौर पर अशुभ 5 दिनों का ख्‍याल ही आता है, लेकिन कुछ पंचक अच्‍छे भी होते हैं, जिनमें भीष्‍म पंचक भी एक है. आज 20 नवंबर 2026 से भीष्‍म पंचक आरंभ हो गए हैं और ये 24 नवंबर 2026 तक चलेंगे. भीष्‍म पंचक के 5 दिनों का महाभारत काल से खास संबंध है, वहीं कलियुग में इन पंचक के दौरान संतान की खुशहाली, समृद्धि के लिए व्रत रखे जाते हैं. धार्मिक मान्‍यता है कि भीष्‍म पंचक के 5 दिनों में व्रत रखने और पूजा करने से पूरे कार्तिक मास में पूजा करने और व्रत रखने के बराबर फल मिलता है.

भीष्‍म पंचक का महाभारत काल से कनेक्‍शन

भीष्‍म पंचक का महाभारत काल से सीधा संबंध है. धार्मिक ग्रंथों में मिले वर्णन के अनुसार, बाणों की शैय्या पर लेटे भीष्‍म पितामह ने कार्तिक शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक पांच दिनों तक पांडवों को राजधर्म, मोक्ष और जीवन का ज्ञान दिया था. भगवान कृष्‍ण ने ही युधिष्ठिर को सलाह दी थी कि वे भीष्‍म पितामह के देह त्‍याग करने से पहले उनसे धर्म और मोक्ष से जुड़ा ज्ञान लें. साथ ही उनके उपदेशों से प्रसन्‍न होकर भगवान कृष्‍ण ने इन 5 दिनों को 'भीष्‍म पंचक' का नाम दिया और इन दिनों को महापुण्यदायी कहा था.

पितामह भीष्म के 5 मुख्‍य उपदेश

1. राजधर्म और कर्तव्य: राजा, शासक या परिवार के मुखिया को हमेशा स्वार्थ से ऊपर उठकर सबकी भलाई और न्याय के लिए काम करना चाहिए. ताकि महाभारत युद्ध या विवाद जैसी स्थिति न बने.

2. वर्ण और आश्रम धर्म: हमेशा हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों और जीवन के चरणों के अनुसार मर्यादा में रहकर कर्म करना चाहिए. जैसे - पांडवों ने पूरे जीवनकाल में किया.

3. दान का महत्व: अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान करें, इससे बड़े से बड़े पाप नष्ट हो जाते हैं, सम्‍मान मिलता है. जैसे- दानवीर कर्ण.  

4. आत्म-नियंत्रण और तप: इंद्रियों पर नियंत्रण, अहंकार, हठ, ईर्ष्‍या जैसी बुरी भा‍वनाओं पर नियंत्रण रखें. साथ ही संयम रखें. जैसे - दुर्योधन के हठ, अहंकार के कारण युद्ध हुआ, लेकिन पांडवों ने संयम रखा और धर्म का पालन करके विजय पाई.

5. मोक्ष और भक्ति: अंत समय में सांसारिक मोह त्यागकर ईश्वर की शरण में जाएं. ताकि मोक्ष पा सकें.

संतान सुख और कष्टों से मुक्ति के लिए व्रत

पद्म पुराण और गरुड़ पुराण के अनुसार, भीष्‍म पंचक के 5 दिनों में व्रत करें और विधिवत भगवान कृष्‍ण व भगवान विष्‍णु की पूजा करें. ऐसा करने से पूरे कार्तिक मास के स्‍नान, जप-तप, व्रत का पुण्‍य मिलता है. साथ ही संतान से सुख मिलता है, संतान के कष्‍ट दूर होते हैं.

भीष्‍म पंचक में क्‍या करें? 

- रोज सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्‍नान करें, बेहतर है पवित्र नदी में स्‍नान करें या घर पर ही गंगाजल मिलाकर स्‍नान करें. 
- रोज भगवान विष्‍णु, भगवान कृष्‍ण की विधिवत पूजा करें. उनके मंत्रों का जाप करें. 
- मंदिर या नदी के पास दीपदान करें. 
- श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ करें या सुनें. 
- गरीबों को दान दें.

भीष्‍म पंचक में क्‍या न करें?

- ये 5 दिन बेहद पवित्र हैं. इसमें देवउठनी एकादशी, तुलसी विवाह और कार्तिक पूर्णिमा जैसे पर्व आते हैं. लिहाजा तामसिक चीजों का सेवन न करें. 
- भीष्‍म पंचक के व्रत कर रहे हैं तो सादगी से जमीन पर चटाई या कंबल बिछाकर सोएं. भीष्‍म पितामह बाणों की शैय्या पर लेटकर भगवान का भजन कर रहे थे. 
- इन 5 दिनों में बाल कटवाने, दाढ़ी बनवाने, नाखून काटने से बचें.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More