App

न फ्लाइट, न महंगा होटल... भारतीय ट्रेन में कोरियन लड़की ने बिताए 9 घंटे; बोली- सफर जिंदगी भर याद रहेगा

भारत घूमने आई दक्षिण कोरिया की ट्रैवल व्लॉगर सिंडी जब उदयपुर से जयपुर जाने के लिए ट्रेन के थर्ड AC कोच में बैठीं तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों का यह सफर इतना खास बन जाएगा. रास्ते में मिले कॉलेज के छात्रों ने उन्हें ताश के पत्तों से लेकर 'चिड़िया उड़' और 'राजा-वजीर' जैसे देसी खेल खिलाए. हंसी-मजाक के बीच कब अजनबी दोस्त बन गए, उन्हें पता ही नहीं चला.

न फ्लाइट, न महंगा होटल... भारतीय ट्रेन में कोरियन लड़की ने बिताए 9 घंटे; बोली- सफर जिंदगी भर याद रहेगा
Image Credit: CARPECINDY | कोरियन यूट्यूबर का ट्रेन के थर्ड AC में 9 घंटे का सफर!

भारत में ट्रेन का सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं होता. कई बार यहां ऐसे लोग मिल जाते हैं, जिनसे पहली मुलाकात ही यादगार बन जाती है. दक्षिण कोरिया की ट्रैवल व्लॉगर सिंडी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उनकी करीब 9 घंटे की जर्नी कब बीत गई, उन्हें पता भी नहीं चला.

सिंडी अपने यूट्यूब चैनल 'CARPE CINDY' पर भारत यात्रा के वीडियो शेयर करती हैं. इस बार उन्होंने उदयपुर से जयपुर तक ट्रेन में बिताए समय का एक वीडियो पोस्ट किया. वह अकेले सफर कर रही थीं, लेकिन ट्रेन में कुछ कॉलेज छात्रों से मुलाकात के बाद उनका अकेलापन जल्द ही दूर हो गया. सिंडी के लिए यह सफर यादगार बन गया. उन्होंने भारतीय मेहमाननवाजी की तारीफ करते हुए कहा, 'यही तो असली भारत है!'

कॉलेज के छात्रों ने सिखाए देसी खेल

सिंडी की मुलाकात ट्रेन में साइकोलॉजी की पढ़ाई करने वाले कुछ भारतीय छात्रों से हुई. शुरुआत में बातचीत हुई और फिर धीरे-धीरे पूरा ग्रुप मस्ती के मूड में आ गया. छात्रों ने सिंडी को ताश के पत्तों से जुड़े खेलों के अलावा बचपन में खेले जाने वाले कई देसी गेम भी सिखाए. भाषा अलग थी, लेकिन हंसी-मजाक और खेल के दौरान किसी को ज्यादा शब्दों की जरूरत नहीं पड़ी. इशारों और थोड़ी-बहुत अंग्रेजी की मदद से सिंडी भी खेल में शामिल हो गईं.

'गाय उड़' और 'बंदर उड़' पर छूटे ठहाके

सफर का सबसे मजेदार हिस्सा तब आया, जब छात्रों ने सिंडी को 'चिड़िया उड़, तोता उड़' वाला खेल खिलाया. इस गेम में किसी उड़ने वाली चीज का नाम सुनकर उंगली ऊपर उठानी होती है. लेकिन अगर कोई ऐसी चीज का नाम ले, जो उड़ नहीं सकती, तो उंगली नहीं उठानी होती. खेल के दौरान एक छात्र ने मजाक-मजाक में 'गाय उड़' और 'बंदर उड़' कह दिया. बस फिर क्या था, बाकी दोस्तों ने भी जोश में उंगलियां उठा दीं. सिंडी ने ऐसा नहीं किया और इस तरह वह खेल जीत गईं. इसके बाद वह हंसते हुए कहती हैं कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इन लोगों ने उड़ती हुई गाय कहां देख ली. उनकी यह बात सुनकर पूरा ग्रुप हंसने लगा. ट्रेन के कोच में चल रही यह मस्ती वीडियो का सबसे दिलचस्प हिस्सा बन गई.

राजा-वजीर और चोर-सिपाही का भी लिया मजा

भारतीय छात्रों ने सिंडी को एक और पुराना खेल सिखाया, जिसे कई लोग बचपन में दोस्तों और परिवार के साथ खेल चुके होंगे. यह 'राजा-मंत्री, चोर-सिपाही' का खेल था. पहले छात्रों ने उन्हें इसके नियम समझाए. इसमें वजीर को चोर की पहचान करनी होती है और सही जवाब देने पर उसे अंक मिलते हैं. सिंडी ने भी खेल को समझने की कोशिश की और पूरे उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया. खास बात यह थी कि सिंडी के लिए यह सब नया था, लेकिन ग्रुप के बाकी लोगों के लिए ये उनके बचपन की यादें थीं. इसी वजह से सफर के दौरान बातचीत और हंसी का सिलसिला लगातार चलता रहा.

जयपुर पहुंचते-पहुंचते बन गए दोस्त

उदयपुर से जयपुर का सफर कब बीत गया, सिंडी को शायद इसका अंदाजा भी नहीं हुआ. ट्रेन में मिले जिन लोगों से शुरुआत में कोई जान-पहचान नहीं थी, स्टेशन आने तक वे उनके दोस्त बन चुके थे. सिंडी ने बताया कि वह दूसरी बार भारत आई हैं और इस यात्रा में जयपुर उनका आखिरी पड़ाव है. उन्होंने भारतीय रेलवे और सफर के दौरान मिले लोगों का शुक्रिया भी अदा किया. उनके लिए यह यात्रा सिर्फ एक शहर से दूसरे शहर जाने का अनुभव नहीं रही, बल्कि भारत के लोगों को करीब से जानने का मौका भी बनी.

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया वीडियो

सिंडी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. यूजर्स को सबसे ज्यादा पसंद यह बात आ रही है कि कुछ अनजान लोगों ने एक विदेशी महिला को अपने ग्रुप में शामिल कर लिया और पूरे सफर को यादगार बना दिया. कई लोगों ने इसे भारत की असली मेहमाननवाजी बताया. कुछ यूजर्स का कहना है कि भारत की खूबसूरती सिर्फ यहां के किले, महल और घूमने की जगहों में नहीं, बल्कि यहां के लोगों के व्यवहार में भी है. सिंडी का यह सफर भी कुछ ऐसा ही संदेश देता है. कभी-कभी किसी देश को समझने के लिए बड़ी-बड़ी जगहों पर जाना जरूरी नहीं होता. ट्रेन के एक डिब्बे में मिले कुछ अनजान लोग भी उस देश की ऐसी याद दे सकते हैं, जो लंबे समय तक साथ रहती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More