)
आजकल पहली बार किसी खास चीज का अनुभव करने पर उसे यादगार बनाने का चलन बढ़ रहा है. पहली फ्लाइट हो या किसी खास जगह की यात्रा, लोग उससे जुड़ी छोटी-छोटी यादें संभालकर रखना चाहते हैं. सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई किस्से देखने को मिलते हैं.
ऐसा ही एक मामला एक्स पर सामने आया, जहां एक शख्स ने भारतीय रेलवे से अपनी पहली ट्रेन यात्रा के लिए खास सर्टिफिकेट मांग लिया. उसकी मांग सामान्य होती तो शायद रेलवे इस पर कुछ विचार भी करता, लेकिन उसने अपने सफर से जुड़ी एक ऐसी बात बता दी, जिसने पूरे मामले को मजेदार बना दिया.
यह पूरा मामला एक दूसरे सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था. एक्स पर एक यूजर ने IndiGo को टैग करते हुए बताया कि उसकी बेटी 20 नवंबर को पहली बार फ्लाइट में सफर करने वाली है. वह चाहता था कि इस खास मौके पर बेटी को एयरलाइन की तरफ से 'फर्स्ट फ्लाइट सर्टिफिकेट' मिले. उसने यह भी पूछा कि इसके लिए क्या करना होगा? इस पोस्ट को देखने के बाद वाडे मरप्पा नाम के एक यूजर को भी अपनी पहली ट्रेन यात्रा याद आ गई. उसने सोचा कि जब पहली फ्लाइट के लिए सर्टिफिकेट मिल सकता है तो पहली ट्रेन यात्रा के लिए क्यों नहीं?
Travelling without a ticket won’t get you a certificate, but an Excess Fare Ticket (EFT), which you can frame at home, if you wish! Remember: Ticketless travel attracts the applicable fare and excess charge under Section 138 of the Railways Act, 1989, and may potentially lead to imprisonment in case of non-payment. Better to buy a ticket!
— South East Central Railway (@secrail) November 18, 2026
वाडे मरप्पा ने भारतीय रेलवे को टैग करते हुए अपनी मांग रख दी. उसने लिखा कि उसने पहली बार स्लीपर क्लास के कोच में सफर किया है और वह इस अनुभव को यादगार बनाने के लिए एक सर्टिफिकेट चाहता है. लेकिन इसके बाद उसने जो बात बताई, उसने रेलवे के लिए जवाब देना और भी आसान कर दिया. शख्स ने खुद ही माना कि उसके पास उस यात्रा का टिकट नहीं था. उसने रेलवे से गुजारिश की कि इस बार अपवाद मानकर उसे सर्टिफिकेट दे दिया जाए. मतलब पहली ट्रेन यात्रा की यादगार तो चाहिए थी, लेकिन सफर के लिए टिकट खरीदना वह भूल गया था या उसने खरीदा ही नहीं था.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस पोस्ट का जवाब बड़े मजेदार अंदाज में दिया. रेलवे ने साफ कर दिया कि बिना टिकट यात्रा करने पर फर्स्ट जर्नी सर्टिफिकेट नहीं मिलता. रेलवे ने लिखा कि बिना टिकट यात्रा करने पर आपको सर्टिफिकेट नहीं, बल्कि एक्सेस फेयर टिकट (EFT) मिलेगा. चाहें तो इसे घर पर फ्रेम करवा सकते हैं. रेलवे के इस जवाब में मजाक भी था और यात्रियों के लिए एक जरूरी संदेश भी. अधिकारियों ने साफ किया कि ट्रेन में सफर करने के लिए वैध टिकट होना जरूरी है. बिना टिकट यात्रा करने पर रेलवे के नियमों के तहत किराया और एक्सट्रा चार्ज देना पड़ सकता है.
रेलवे ने अपने जवाब में रेलवे एक्ट, 1989 की धारा 138 का भी जिक्र किया. इसके अनुसार, बिना वैध टिकट यात्रा करने पर यात्री से तय किराये के साथ एक्सट्रा चार्ज वसूला जा सकता है. अगर यात्री पेमेंट नहीं करता है, तो नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है. रेलवे ने अपनी बात खत्म करते हुए यात्रियों को सीधी सलाह दी कि बेहतर है कि टिकट खरीदकर ही यात्रा करें.
रेलवे का यह जवाब सामने आते ही एक्स पर लोगों ने इस पर खूब प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स को रेलवे का अंदाज काफी पसंद आया. लोगों ने कहा कि सर्टिफिकेट मांगने पहुंचे शख्स को रेलवे ने ऐसा जवाब दिया, जिसे वह शायद लंबे समय तक याद रखेगा. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि EFT ऐसा सर्टिफिकेट है, जिसे कोई भी अपने कमरे की सजावट के लिए नहीं लगाना चाहेगा. एक दूसरे यूजर ने कहा कि पहली यात्रा की यादगार कुछ अलग ही हो गई. वहीं, एक अन्य यूजर ने रेलवे की तारीफ करते हुए लिखा कि घर पर EFT फ्रेम कराने वाली बात का जवाब ही सबसे मजेदार था. एक यूजर ने कहा कि रेलवे का तंज बिल्कुल सही था, क्योंकि वैध टिकट के साथ यात्रा करना ही सबसे अच्छा अनुभव है.
इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर लोगों को हंसने का मौका जरूर दिया, लेकिन रेलवे का संदेश बिल्कुल साफ था. पहली यात्रा को यादगार बनाना अच्छी बात है, लेकिन इसके लिए नियमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. फर्स्ट फ्लाइट हो या पहली ट्रेन यात्रा, उसका सर्टिफिकेट तभी अच्छा लगता है, जब सफर भी सही तरीके से किया गया हो. फिलहाल रेलवे के इस जवाब की चर्चा हो रही है और लोग कह रहे हैं कि शख्स को अपनी पहली ट्रेन यात्रा का ऐसा जवाब शायद जिंदगी भर याद रहेगा.