)
अगर आपका अकाउंट भी सिटी यूनियन बैंक में है तो यह खबर आपके काम की है. प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज सिटी यूनियन बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि 16 नवंबर 2026 को उसके एक कस्टमर के अकाउंट में नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर (NEFT) सिस्टम के जरिये अनऑथराइज्ड ट्रांजेक्शन हुआ. बैंक को जैसे ही इस बारे में भनक लगी तो सेबी (SEBI) के नियमों के तहत तुरंत जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई. इस खबर के बाद 19 नवंबर को बैंक के शेयरों में हल्की गिरावट देखी गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक ने नियमों के अनुसार फौरन एक्शन लिया. सबसे पहले बैंक ने संबंधित कस्टम के अकाउंट से जुड़ा NEFT और रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) गेटवे बंद कर दिया. इससे किसी भी तरह का संदिग्ध लेनदेन को रोका जा सका. इसके साथ ही बैंक ने बताया कि इस पूरी घटना के बारे में डिटेल जानकारी निकालने के लिए देश के जाने-माने एक्सपर्ट के साथ मिलकर जांच की जा रही है.
बैंक की तरफ से 18 नवंबर 2026 को जारी बयान में साफ किया गया कि इस घटना का उसके बिजनेस ऑपरेशंस, फाइनेंशियल परफॉर्मेंस या बिजनेस कंटिन्यूटी पर किसी तरह का असर नहीं है. बैंक के सभी कोर फंक्शन्स बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से चल रहे हैं. बैंक की तरफ से भरोसा दिलाया गया कि मामले की तह तक जाने के लिए गहराई से जानकारी जुटाई जा रही है. आने वाले समय में इस तरह की किसी भी घटना को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
यदि आपका अकाउंट भी सिटी यूनियन बैंक (City Union Bank) में है तो घबराने की जरूरत नहीं है. बैंक के बयान और एक्सचेंज नोटिस से यह पूरी तरह साफ है कि बाकी खाताधारकों के लिए NEFT, RTGS या किसी भी अन्य बैंकिंग सर्विस में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है. गेटवे महज एक अकाउंट के प्रभावित होने पर बंद किया गया है, जबकि दूसरे सभी कस्टमर के लिए सर्विस पहले की तरह सामान्य रूप से जारी रहेंगी.
बैंक की तरफ से जारी हालिया तिमाही नतीजे में मजबूत स्थिति नजर आई है. 28 अक्टूबर को जारी दूसरी तिमाही के नतीजों में बैंक का नेट प्रॉफिट 26 प्रतिशत बढ़कर 416 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यह पिछले साल की इसी तिमाही में 329 करोड़ रुपये था. वहीं, बैंक की ब्याज से आमदनी 27 प्रतिशत बढ़कर 2,092 करोड़ रुपये हो गई और नेट एनपीए (NPA) भी घटकर 0.48 प्रतिशत पर आ गया.