)
दुनिया भर की टेक कंपनियां एआई के रेस में तेजी से आगे बढ़ रही हैं. लेकिन वहीं कुछ टेक की दुनिया के दिग्गज हैं जिनकी सोच आपस में मेल नहीं खाती हैं. कुछ समय पहले एलन मस्क ने एक बयान दिया था.
जिसमें उन्होंने कहा था कि भविष्य में सुपर इंटेलिजेंट मशीनों के सामने इंसान की हैसियत एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते जैसी रह जाएगी.
इस बात पर ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कड़ा ऐतराज जताया है. बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स के डील-बुक समिट में बोलते हुए ऑल्टमैन ने इस बात को सीधे-सीधे नकार दिया और कहा कि वो या उनके बच्चे कभी लैब्राडोर बनकर नहीं जीना चाहते.
"I don't want to be a Labrador," Altman said, knocking Musk's vision that a super-intelligent AI could surpass humanity and domesticate us all. https://t.co/Kc59C56uoI
— Business Insider (@BusinessInsider) November 18, 2026
मंच पर ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन के साथ बैठे सैम ऑल्टमैन ने अपनी बात बहुत ही साफ शब्दों में रखी है. उन्होंने माना कि आज मशीनें और नई टेक्नोलॉजी पहले के मुकाबले काफी ज्यादा ताकतवर और समझदार होती जा रही हैं.
इसके बाद भी इंसान अपने भविष्य की लगाम किसी मशीन के हाथ में देने की जोखिम नहीं उठा सकता है. ऑल्टमैन ने जोर देकर कहा कि वो और उनकी पूरी टीम इस बात पर गहरा विश्वास रखती है कि आने वाले कल का कंट्रोल हर हाल में इंसानों के पास ही रहना चाहिए.
असल में एलन मस्क ने ये बात सालों पहले कही थी और इसी साल एक इंटरव्यू में फिर यही दोहराया था. उन्होंने कहा था कि उनके हिसाब से लैब्राडोर काफी खुश रहने वाले जीव होते हैं.
मस्क और ऑल्टमैन के बीच मतभेद कोई नई बात नहीं है. ये सिलसिला सालों से चलता आ रहा है. 2018 में मस्क का ऑल्टमैन और कंपनी के बाकी बड़े अधिकारियों से विवाद हो गया था. जिसके बाद उन्होंने ओपनएआई का साथ छोड़ दिया था.
इसके बाद साल 2024 में मस्क ने ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन के खिलाफ अदालत में मुकदमा भी दायर किया था. उनका आरोप था कि कंपनी इंसानियत की भलाई के अपने शुरुआती वादे से भटक गई है.
वैसे इसी साल मई के महीने में एक अमेरिकी संघीय अदालत ने ये कहते हुए मस्क को झटका दिया था कि उन्होंने ये केस दर्ज करने में बहुत ज्यादा देरी कर दी है.
भले ही लोग मस्क की इस पालतू जीव वाली सोच से सहमत न हों, लेकिन कुछ जानकार मानते हैं कि जल्द ही मशीनें इंसानों पर हावी हो सकती हैं. सैम ऑल्टमैन के मुताबिक, धीरे-धीरे सब कुछ नई टेक्नोलॉजी के हवाले कर देने की ये सोच इंसानियत के लिए बहुत बड़ी तबाही साबित हो सकती है.
उन्होंने कहा कि आजकल इस बात पर काफी चर्चा हो रही है कि भविष्य में कंट्रोल मशीनों को सौंप देना चाहिए, लेकिन ये एक बहुत भयानक सोच है.
दूसरी तरफ कुछ रिसर्चर तो इसे इंसानों के अस्तित्व के लिए सीधा खतरा बता रहे हैं. लेकिन मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग जैसे सीईओ इस टेक्नोलॉजी पर किसी भी तरह की रोक लगाने के खिलाफ हैं.
बातचीत के दौरान ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन ने बताया कि इन एडवांस सिस्टम की निगरानी करनी होगी, और यही उनको कंट्रोल में रखने का सबसे अच्छा तरीका है.
उन्होंने कहा कि मशीनें किस तरह सोच रही हैं, इस पर नजर रखने के लिए हमें बिल्कुल नई टेक्नोलॉजी बनानी होगी.
कंपनी की ये चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि कुछ समय पहले उसके कुछ ऑटोमैटिक सिस्टम बेकाबू हो गए थे और उन्होंने एक अमेरिकी कंपनी को हैक करने की कोशिश की थी.
इतना ही नहीं, दो अलग-अलग मामलों में इन सिस्टम ने खुद पर नजर रखने वाले सुरक्षा घेरे को ही बंद कर दिया था.
इस खतरे को देखकर कंपनी ने अब सुरक्षा को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बना लिया है. ब्रॉकमैन ने बताया कि कंपनी ने अपने करीब 25 प्रतिशत इंजीनियरों को नए प्रोडक्ट बनाने के काम से हटाकर सिर्फ टेक्नोलॉजी को सुरक्षित बनाने में लगा दिया है.
उन्होंने ये भी कहा कि खतरनाक लोगों से लड़ने के लिए हमारे पास सबसे बेहतरीन और सुरक्षित सिस्टम होना जरूरी है, इसलिए काम को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता है.
बस ओपनएआई ही नहीं, बल्कि एंथ्रोपिक और मेटा जैसी बड़ी कंपनियों ने भी ये माना है कि उनके कुछ सिस्टम हाल के दिनों में कंट्रोल से बाहर होकर बाहरी नेटवर्क में घुसने की कोशिश कर चुके हैं.